बंगाल में बीजेपी को टक्कर देने के लिए आरएसएस के पूर्व प्रचारक ने बनाई पार्टी

बंगाल में बीजेपी को टक्कर देने के लिए आरएसएस के पूर्व प्रचारक ने बनाई पार्टी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में एनडीए के घटक दलों जेडीयू और हम के चुनाव लड़ने के एलान के बाद अब भारतीय जनता पार्टी की राह में एक और नया रोड़ा पैदा हो गया है।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व प्रचारक तपन घोष के संगठन हिन्दू सहमति ने जन समहति नामक नई पार्टी बनाई है और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान किया है।

हिंदुत्व के मुद्दे के साथ बंगाल में आगे बढ़ रही भारतीय जनता पार्टी को हिंदुत्व के मुद्दे पर पहले ही शिव सेना ने चुनौती देते हुए पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। वहीँ अब हिंदुत्व के मुद्दे पर जन समहति पार्टी द्वारा चुनाव लड़ने के एलान से बीजेपी को अपने मतदाताओं में सेंधमारी का खतरा पैसा हो गया है।

संघ से जुड़े रहे तपन घोष ने 2008 में हिन्दू समहति नामक संगठन की स्थापना की थी। इसके बाद से यह संगठन हिंदुत्व से जुड़े सामाजिक कार्यो पर कार्य कर रहा था। पश्चिम बंगाल में हिन्दू संगठनों को एक मंच पर लाने में हिन्दू समहति फाउंडेशन की अहम भूमिका बताई जाती है। इतना ही नहीं दक्षिण बंगाल में लोगों के बीच यह संगठन ख़ासा लोकप्रिय है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हिन्दू समहति फाउंडेशन द्वारा जन सहमति पार्टी बनाये जाने से बीजेपी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। माना जा रहा है कि हिंदुत्व के नाम पर बनी यह नई पार्टी बंगाल के कुछ इलाको में बीजेपी को बड़ा डेंट दे सकती है।

जानकारों के मुताबिक विधानसभा चुनाव में जहां दो दर्जन से अधिक सीटों पर बीजेपी को अपने सहयोगी दलों से भी जूझना है वहीँ जन समहति पार्टी के मैदान में आने से बीजेपी के कोर हिदुत्व वाले वोट बैंक में सेंधमारी का खतरा बढ़ गया है।

हिन्दू समहति फाउंडेशन से जुड़े एक स्वयं सेवक ने बताया कि हम चुनाव में जनता को बताएँगे कि कैसे हिंदुत्व के नाम पर बीजेपी उन्हें ठगती रही है और सत्ता में आने के बाद वह सेकुलर हो जाती है।

TeamDigital