निकाय चुनाव: मुस्लिम बाहुल्य इलाको में भी बीजेपी ने नहीं दिया किसी मुसलमान को टिकिट
अहमदाबाद। अहमदाबाद में होने जा रहे निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा है। यहां तक कि मुस्लिम बाहुल्य इलाको में भी बीजेपी ने मुस्लिम चेहरों को टिकिट देने से परहेज रखा है।
पार्टी की मुस्लिम के प्रति इस बेरुखी को लेकर बीजेपी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ट के कुछ नेताओं ने विरोध जताया है। बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे के एक पदाधिकारी युसूफ मिर्ज़ा ने कहा कि लगता है कि पार्टी मुसलमानो से सिर्फ वोट लेना चाहती है उन्हें आगे नहीं बढ़ाना चाहती।
अदमदाबाद में 192 सीटों के लिए होने वाले निकाय चुनाव में बीजेपी द्वारा एक भी मुस्लिम को टिकिट न दिए जाने को लेकर बीजेपी से जुड़े मुस्लिम नेताओं में असंतोष उभर कर सामने आने लगा है।
अल्पसंख्यक मोर्चे से जुड़े कार्यकर्ताओं ने पार्टी के फैसले को लेकर नाराज़गी जताते हुए अपने करीबी बीजेपी नेताओं को अवगत कराया है। मुस्लिम नेताओं का कहना है कि मुस्लिम बाहुल्य इलाको में अब क्या चेहरा लेकर हम वोट मांगेंगे।
पार्टी के फैसले के प्रति नाराज़गी जताते हुए कुछ मुस्लिम नेताओं ने अहमदाबाद बीजेपी के प्रभारी आई के जडेजा और जिला अध्यक्ष जगदीश पंचाल से मुलाकात कर अपनी बात रखी है। वहीँ कुछ मुस्लिम नेताओं का कहना है कि वे नगर निकाय चुनाव में पार्टी का प्रचार करने की जगह अपने घर बैठना पसंद करेंगे।
दूसरी तरफ मुस्लिम कार्यकर्ताओं की बढ़ती नाराज़गी को देखते हुए पार्टी ने मुस्लिम कार्यकर्ताओं को मनाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। लेकिन फ़िलहाल की जो स्थति है उसे देखकर नहीं लगता कि पार्टी के बड़े नेताओं की दखल के बिना ये मामला हल हो पायेगा।
