आईटीओ पर किसानो और पुलिस के बीच संघर्ष, लालकिले में घुसे किसान, अपना झंडा फहराया

आईटीओ पर किसानो और पुलिस के बीच संघर्ष, लालकिले में घुसे किसान, अपना झंडा फहराया

नई दिल्ली। किसान संगठनों के आह्वान पर आज निकाली गई किसान ट्रेक्टर परेड के दौरान कई जगह पुलिस और किसानो के बीच झड़प की खबर है। किसानो को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

इस दौरान दिलशाद गार्ड पर पुलिस का एक जवान बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। गिरने से घायल हुए दिल्ली पुलिस के जवान को अस्पताल ले जाया गया है।

वहीँ आईटीओ से आगे बढे किसान रैली का रूट छोड़कर लालकिला पहुंच गए हैं। किसानो की तादाद पुलिस पर भारी पड़ रही है और किसानो ने कई जगह बेरिकेटिंग उखाड़कर दिल्ली में प्रवेश किया है।

इस बीच खबर है कि दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों को आज शाम तक के लिए बंद कर दिया गया है। हालांकि किसान ट्रेक्टर परेड अब अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रही है और अगले दो घंटे के अंदर परेड दिल्ली की सीमाओं पर वापस पहुंच जायेगी।

गाज़ीपुर बॉर्डर राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर पुलिस द्वारा लगाए गए कंट्रेर के बेरिकेटिंग को भी किसानो ने उखाड़ फेंका है। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत का कहना है कि अभी तक की किसान परेड शांतिपूर्ण है और यह शांतिपूर्ण तरीके से पूरी होगी।

बड़ी तादाद में किसानो के दिल्ली में प्रवेश करने से कई जगह अफरा तफरी का माहौल है। किसान ट्रेक्टर परेड में ट्रेकटरों के अलावा जीप, कार, बाइक इत्यादि भी शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस ने किसानो को परेड के लिए पांच हज़ार आदमियों के साथ पांच हज़ार ट्रेक्टरो की अनुमति दी थी लेकिन दिल्ली पुलिस की अनुमति उस समय रखी रह गई जब लाखो ट्रेक्टर के साथ दिल्ली की अलग अलग सीमाओं से किसान परेड शुरू हुई।

किसानो ने अपने वाहनों पर राष्ट्रीय ध्वज के अलावा किसान संगठनों का झंडा भी लगाया हुआ है। जैसे जैसे किसान परेड अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रही है वैसे वैसे किसान संगठनों के नेता भी अपने करीबियों और व्यवस्थापकों से पल पल की खबर ले रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में किसानो की गिरफ्तारी की खबर पर उत्तर प्रदेश के ADG (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि अभी तक पूरे उत्तर प्रदेश में सब कुछ सकुशल चल रहा है। सभी लोग हमारे किसानों से लगातार वार्ता कर रहे हैं। अभी तक शांति है। उत्तर प्रदेश में कहीं भी लाठीचार्ज नहीं किया गया है।

TeamDigital