live: किसान ट्रेक्टर परेड के लिए रूट मैप को मिली मंजूरी

live: किसान ट्रेक्टर परेड के लिए रूट मैप को मिली मंजूरी

नई दिल्ली। 26 जनवरी को किसानो द्वारा आयोजित की जा रही गणतंत्र दिवस ट्रेक्टर परेड को दिल्ली पुलिस की लिखित मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही पुलिस ने किसानो किसानो की ट्रेक्टर परेड के लिए के उस रूट मैप को भी अनुमति दे दी है जिसे किसान संगठनों ने दिल्ली पुलिस को सौंपा था।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ-साथ सीएपीएफ व गणतंत्र दिवस परेड की सुरक्षा के लिए तैनात अन्य बलों को किसान ट्रैक्टर रैली को लेकर अलर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर (इंटेलिजेंस) दीपेंद्र पाठक ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर रैली निकालने की मांग का सम्मान करते हुए दिल्ली के 3 जगह से- सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर से बैरिगेट्स को हटाकर दिल्ली के अंदर मेन रोड पर कुछ किलोमीटर तक अंदर आने पर सहमति हुई है।

उन्होंने कहा कि टिकरी बॉर्डर से प्रवेश करने पर 63-64 किलोमीटर के स्ट्रेच, सिंघु बॉर्डर से 62-63 किलोमीटर के स्ट्रेच और गाजीपुर बॉर्डर से 46 किलोमीटर के स्ट्रेच की अनुमति है। ट्रैक्टरों को इस तरह से लाया जाए कि मार्च शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से हो।

वहीँ किसान परेड के रूट की जानकारी देते हुए भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि ट्रैक्टर रैली को लेकर हम यहां से अक्षरधाम जाएंगे, अक्षरधाम से वापस आएंगे और फिर आनंद विहार होकर निकल जाएंगे। ये 46 किलोमीटर का रूट है। पुलिस हमारे साथ रहेगी।

ट्रोलियां लेकर न आएं किसान: योगेंद्र यादव

दिल्ली पुलिस के साथ मीटिंग के बाद स्वराज अभियान के संयोजक योगेंद्र यादव ने बताया कि दिल्ली पुलिस की तरफ से आधिकारिक रूप से 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकालने की इजाज़त मिल गई है। जितने भी साथी अपनी ट्रोलियां लेकर बैठें है। मैं उनसे अपील करता हूं कि सिर्फ ट्रैक्टर दिल्ली के अंदर लेकर आएं, ट्रोलियां न लेकर आएं।

वहीँ किसान गणतंत्र ट्रेक्टर परेड के लिए किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर परेड के लिए रूट तैयार किया। जानकारी के मुताबिक किसान गणतंत्र दिवस परेड आउटर रिंग रोड पर ही होगी और यह अलग अलग रूट से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।

परेड की अनुमति मिलने के बाद किसान संगठन अब 26 जनवरी की तैयारियों में जुट गए हैं। बड़ी तादाद में किसान ट्रेक्टरो के साथ दिल्ली की सीमाओं पर मौजूद हैं और किसानो का आना लगातार जारी है।

केवल पंजाब से ही कल और आज में सैकड़ो ट्रेक्टर सिंघु बॉर्डर पहुंच चुके हैं। वहीँ उत्तर प्रदेश और हरियाणा से भी किसानो का अपने ट्रेक्टरो के साथ आना जारी है। एक प्रदर्शनकारी ने दिल्ली यूपी सीमा गाज़ीपुर पर बताया कि अकेले उत्तर प्रदेश से ही हज़ारो ट्रेक्टर किसान परेड में शामिल होंगे।

TeamDigital