पीएम की मौजूदगी में जयश्रीराम के नारे: कांग्रेस ने कहा ‘ये ममता का नहीं बंगाल का अपमान’
कोलकाता: नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा जय श्री राम के नारे लगाए जाने पर कांग्रेस ने कड़ी निंदा की है।
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अपमान को पश्चिम बंगाल का अपमान बताया है। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यपाल की उपस्थिति में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अपमान की कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह सिर्फ सीएम का अपमान नहीं था बल्कि बंगाल का अपमान है। उन्होंने कहा कि जय श्री राम भारतीय जनता पार्टी का कॉपीराइट नहीं है।
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि धर्मनिरपेक्ष राज्य पश्चिम बंगाल को सांप्रदायिक बनाने की कोशिश शर्मनाक है। इस भूमि ने नरेंद्रनाथ दत्त (स्वामी विवेकानंद) को देखा और आज नरेंद्र मोदी को भी देखा।
उन्होंने कहा कि भले ही तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी से हमारे राजनैतिक मतभेद हैं लेकिन चूंकि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं, इसलिए उनका अपमान बंगाल का अपमान है और हम बंगाल का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।
गौरतलब है कि आज सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में जैसे ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बोलना शुरू किया तो बीजेपी समर्थको ने जय श्री राम के नारे लगाए।
इस पर नाराज़ ममता बनर्जी ने पीएम मोदी और राज्यपाल जगदीप धनकड़ की मौजूदगी में अपनी नाराज़गी जताते हुए कहा कि इसके लिए आभारी हूं, यह एक सरकारी कार्यक्रम है, कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं। एक गरिमा होनी चाहिए।’
ममता बनर्जी ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि ‘लोगों को आमंत्रित करके अपमानित करना किसी को शोभा नहीं देता। यदि आप किसी को किसी सरकारी कार्यक्रम में आमंत्रित करते हैं, तो आपको उसका अपमान नहीं करना चाहिए। मैं नहीं बोलूंगी। जय बंगला, जय हिंद।’
