कई राज्यों में पहुंची कोरोना वैक्सीन की पहली खेप, 16 जनवरी से शुरू होगा वैक्सीनेशन
नई दिल्ली। कोरोना वैक्सीन को लेकर अब अंतिम दौर की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बीच 16 तारीख से शुरू होने वाले वैक्सीनेशन के लिए आज कई राज्यों में कोरोना वैक्सीन की पहली खेप पहुंच गई है।
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मालिक और सीईओ अदार पूनावाला ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है कि हमारे कारखाने से वैक्सीन भेजी जा रही है तो हमारे लिए बहुत खुशी का दिन है। चुनौती है कि इसे हमें सभी देश तक पहुंचाना है।
गुजरात में कोरोना वैक्सीन पहुंचने पर डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने कहा कि 16 तारीख से शुरु हो रहे वैक्सीनेशन के लिए भारत सरकार की तरफ से आज गुजरात सरकार को 2.76 लाख वैक्सीनेशन डोज अहमदाबाद पहुंचाई गई है। कल सूरत के लिए 93 हज़ार, बड़ौदा के लिए 94 हज़ार और राजकोट के लिए 77 हज़ार वैक्सीन डोज पहुंचाई जाएगी।
इससे पहले आज सुबह सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से तीन ट्रकों में कोविशिल्ड वैक्सीन आज सुबह-सुबह पुणे एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट से वैक्सीन की खुराक देशभर में भेजी जाएगी। देश में वैक्सीन लगाने का काम 16 जनवरी से शुरू होगा।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि आज एयर इंडिया, स्पाइसजेट और इंडिगो एयरलाइंस 56.5 लाख वैक्सीन की खुराक के साथ पुणे से दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, गुवाहाटी, शिलांग, अहमदाबाद, हैदराबाद, विजयवाड़ा, भुवनेश्वर, पटना, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ के लिए 9 फ्लाइट संचालित करेंगी।
वहीँ देश में कोरोना मरीजों को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि कोविड-19 संक्रमण की स्थिति अभी भी पूरे विश्व में चिंताजनक है हालांकि भारत में मामले घट रहे हैं लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि हम कोताही बरतें।
भूषण ने कहा कि भारत में COVID19 के सक्रिय मामले लगातार घट रहे हैं और अभी सक्रिय मामले 2.2 लाख से कम हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों में से सिर्फ 44% मामले अस्पतालों में हैं और 56% सक्रिय मामले होम आइसोलेशन में हैं।
इतने रुपये की मिलेगी वैक्सीन:
भूषण ने भारत और दुनिया की अन्य वैक्सीनों की कीमतों में अंतर की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि फाइजर और बायोएनटेक की वैक्सीन की एक खुराक की कीमत 1431 रुपये है। मॉडर्ना की वैक्सीन की एक खुराक की संभावित कीमत 2348 से 2715 रुपये तक रहेगी। सिनोफार्म की वैक्सीन की एक खुराक के लिए 5650 रुपये से भी अधिक दाम चुकाने होंगे। सिनवैक बायोटेक की वैक्सीन की एक खुराक की कीमत 1027 रुपये है। जबकि भारत में कोविशील्ड वैक्सीन की कीमत 200 रुपये प्रति खुराक रखी गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने बताया कि भारत सरकार ने सीरम संस्थान से 200 रुपये प्रति खुराक (जीएसटी अतिरिक्त) की दर से कोविशील्ड वैक्सीन की 110 लाख खुराकों की खरीद का ऑर्डर दिया है। इसके अलावा कोवैक्सीन की 55 लाख खुराकों की खरीद बीबीआईएल से की जा रही है। बीबीआईएल 16.5 लाख खुराकें केंद्र सरकार को मुफ्त में उपलब्ध करा रही है। कोवैक्सीन की एक खुराक की कीमत 206 रुपये पड़ रही है।
