सरकार जिस तरह विपक्ष के खिलाफ काम कर रही है, अखिलेश यादव की शंका जायज: अल्वी

सरकार जिस तरह विपक्ष के खिलाफ काम कर रही है, अखिलेश यादव की शंका जायज: अल्वी

नई दिल्ली। कोरोना वैक्सीन को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयान का कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने समर्थन किया है। रशीद अल्वी ने कहा कि सरकार जिस तरह विपक्ष के खिलाफ काम कर रही है, उसे देखते हुए अखिलेश यादव की शंका जायज है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस तरह बीजेपी और प्रधानमंत्री ने विपक्ष के खिलाफ ईडी, इन्कमटेक्स, सीबीआई जैसे तमाम सरकारी एजेंसियों को इस्तेमाल किया है, उसे देखते हुए अखिलेश यादव की शंका गलत नहीं है।

गौरतलब है कि शनिवार को लखनऊ में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि वे अभी कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा, “मैं बीजेपी की वैक्‍सीन पर कैसे भरोसा कर सकता हूं, जब हमारी सरकार बनेगी तो सभी को फ्री में टीका लगेगा। हम बीजेपी की वैक्‍सीन नहीं लगवा सकते।”

अखिलेश यादव के बयान पर बीजेपी के कई नेताओं ने पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर अखिलश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि “हे प्रभु!! …इनका क्या हाल हो गया है ..अब vaccine भी इन्हें BJP की दिख रही है !!”

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा,”ये लोग छुपकर वैक्सीन लगवा लेंगे और लोगों को भ्रम में रखेंगे। वे राजनीतिक दृष्टि से ऐसा बोल रहे हैं। वैक्सीन देश का है, वैज्ञानिक देश के हैं और आत्मनिर्भर भारत के लिए इससे अच्छा उदाहरण और कुछ नहीं हो सकता।”

अखिलेश यादव के बीजेपी की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे बयान पर भाजपा नेता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग जिस तरह बोल रहे हैं वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। अखिलेश यादव को देश से माफी मांगनी चाहिए। कहा जा रहा है कि वैक्सीन नपुंसक बना देगी। देश इस पर सपा को क्षमा नहीं करेगा।

TeamDigital