कड़ाके की ठंड में 250 किमी साईकिल चलाकर किसान आंदोलन में शामिल होने निकले ये किसान

कड़ाके की ठंड में 250 किमी साईकिल चलाकर किसान आंदोलन में शामिल होने निकले ये किसान

नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन के 37वे दिन भी कड़ाके की सर्दी के बावजूद किसानो के मनोबल में कोई कमी नहीं आई है और हर दिन की तरह आज भी सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर, गाज़ीपुर बॉर्डर और यूपी गेट पर सुबह से ही किसानो का आना जारी है।

दिल्ली और आपस के इलाको में कड़ाके की सर्दी के साथ आज सुबह से घना कोहरा छाया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

पटियाला से दो दोस्त क़रीब 250 किलोमीटर साइकल चलाकर टिकरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन में शामिल होने जा रहे हैं। परमिंदर सिंह ने बताया, “हमें सिर्फ़ टिकरी बॉर्डर दिख रहा है, जहां हमारे भाई-बहन बैठे हैं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि नया साल किसानों के साथ मनाए।”

इससे पहले कल कृषि कानूनों के खिलाफ गाज़ीपुर बाॅर्डर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने नए साल की पूर्व संध्या पर कैंडल लाइट मार्च निकाला। किसानो को उम्मीद है कि नए साल के साथ ही उनकी मांगो को भी मंजूर कर लिया जाएगा और सरकार कृषि कानूनों को रद्द कर देगी।

गौरतलब है कि कृषि कानूनों को रद्द करने और एमएसपी की गारंटी दिए जाने की अहम मांगो को लेकर आंदोलनकारी किसान यूनियनों के प्रतिनिधियों और सरकार के बीच अब तक 7 बार बात हो चुकी है लेकिन पिछली बातचीत में दो मांगो पर सहमति बन पाई है। अभी किसानो की अहम मांगो कृषि कानून को रद्द करने और एमएसपी की गारंटी पर अगली बैठक में 4 जनवरी को बात होनी है।

पुलिस बेरिकेटिंग उखाड़कर हरियाणा की सीमा में प्रवेश:

गुरूवार को अलवर में आज राजस्थान के किसान हरियाणा बॉर्डर पर लगी बेरिकेटिंग तोड़कर हरियाणा में घुस गए हैं। पुलिस ने किसानो को हरियाणा सीमा में रोकने के लिए लाठीचार्ज भी किया। इसके बावजूद दर्जनों ट्रेक्टर ट्रॉलियां हरियाणा की सीमा में प्रवेश कर गए।

ये किसान पिछले कई दिनों से राजस्थान हरियाणा की सीमा पर डेरा डाले हुए थे और दिल्ली जाने के लिए हरियाणा की सीमा में प्रवेश करना चाहते थे। हरियाणा सीमा पर किसानो और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई। पुलिस ने किसानो पर लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

TeamDigital