पश्चिम बंगाल: प्रदेश अध्यक्ष के बयान से कटघरे में खड़ी हुई बीजेपी

पश्चिम बंगाल: प्रदेश अध्यक्ष के बयान से कटघरे में खड़ी हुई बीजेपी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी कर रही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के एक बयान से बीजेपी खुद कटघरे में खड़ी हो गई है।

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने “अवैध” संपत्ति अर्जित की है, जिसका पता प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) लगाएगा और दोषियों को अपनी बची हुई जिंदगी सलाखों के पीछे गुजरानी होगी।”

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के इस विवादित बयान से पश्चिम बंगाल की राजनीति में भूचाल आ गया है। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष के बयान पर पलटवार करते हुए तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने कहा, “ऐसे बयानों से साबित होता है कि कैसे भाजपा अपने राजनीतिक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करती है।”

उन्होंने कहा कि “ईडी और सीबीआई बंगाल में कई मामलों की कई वर्षों से जांच कर रही है, लेकिन आज की तारीख तक कुछ नहीं हुआ है। दिलीप घोष को पार्टी काडर में ऊर्जा भरने के लिए ऐसी हास्यास्पद टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।”

कोलकाता में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने यह भी कहा कि अगले साल अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए, भाजपा नेता घोष ने कहा कि केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करेंगे और राज्य का हर शख्स स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेगा।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रही भारतीय जनता पार्टी का बिहार में जीत के बाद हौसला बढ़ा है। वहीँ राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सधी हुई राजनीति के साथ धीमे धीमे चुनाव मोड की तरफ बढ़ रही हैं।

TeamDigital