बिहार: दूसरे चरण के चुनाव के लिए आज से नामांकन, आंतरिक सर्वे रिपोर्ट खंगाल रही पार्टियां
पटना ब्यूरो। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आज से दूसरे चरण के चुनाव के लिए 17 जिलों की 94 विधानसभा सीटों पर नामांकन का काम शुरू होगा।
पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन का काम 8 अक्टूबर को समाप्त हो गया है तथा 12 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। पहले चरण में 28 अक्टूबर को 16 जिलों की 71 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा।
गौरतलब है कि बिहार में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त हो रहा है। राज्य में कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होना है। राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 79 लाख है।
इस बीच कोरोना संक्रमण को देखते हुए चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारकों की संख्या घटा दी है। साथ ही प्रचारकों को हर सभा से 48 घंटे पहले अनुमति लेनी होगी। प्रचार के लिए राष्ट्रीय दलों के लिए स्टार प्रचारक की संख्या 40 से घटाकर 30 और गैर-मान्यता प्राप्त दलों के लिए 20 से घटाकर 15 कर दी गई है।
वहीँ चुनावी सभाओं में 100 लोगों से अधिक शामिल होने के लिए ज़रूरी शर्तो के साथ अनुमति दी है। सरकार के मुताबिक, किसी बंद परिसर या सभागार में अधिकतम 200 लोग एकत्रित हो सकते हैं, जबकि खुली जगह पर उसके क्षेत्रफल के अनुसार संख्या तय की जाएगी। केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने 30 सितंबर को जारी दिशानिर्देशों में बदलाव करते हुए आदेश जारी किया। बता दें कि पिछले आदेश में 15 अक्टूबर से राजनीतिक सभाओं की मंजूरी दी गयी थी।
गृह सचिव ने अपने आदेश में कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारें इस तरह की राजनीतिक सभाओं के नियमन के लिए विस्तृत एसओपी जारी करेंगी और कड़ाई से उन्हें लागू करेंगी।
इस बीच सभी राजनैतिक दल अपनी आंतरिक सर्वे रिपोर्ट को कंगाल रहे हैं। आंतरिक सर्वे रिपोर्ट में सामने आई पार्टी की स्थति को लेकर काम किया जा रहा है।
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर लगभग सभी बड़े राजनैतिक दलों ने चुनावी सर्वे कराये थे। भारतीय जनता पार्टी को लेकर कहा जा रहा है कि पार्टी ने एजेंसी के अलावा संघ की सर्वे रिपोर्ट को भी ध्यान में रखकर टिकिट दिया है। वहीँ कांग्रेस और राजद ने अलग अलग सर्वे कराये हैं। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने भी एजेंसी से सर्वे कराया है।
