हाथरस मामले में शिवसेना का कंगना से सवाल: मुंह में दही क्यों जमी है
नई दिल्ली। सुशांत सिंह राजपूत मामले में महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस के खिलाफ बड़े बड़े बयान देने वाली फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत की हाथरस केस पर ख़ामोशी को लेकर शिवसेना ने तंज कसा है।
शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि जो कंगना कुछ ही दिन पहले मुंबई पुलिस को कोस रही थीं और महाराष्ट्र सीएम के बारे में आपत्तिजनक बयान कर रही थी कि क्या हाथरस के मुद्दे पर पर उनके मुंह में दही जम गया है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट कर कहा कि “दिन रात मुंबई पुलिस को कोसने के लिए जिनको Y+ सिक्युरिटी से नवाजा गया, जो ‘महिलाओं’ की ‘बुलंद आवाज’ बनकर, मुख्यमंत्री और राज्य के बारे में आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहीं थी, मीडिया की चहेती थीं, उनके मुंह में दही जम गया है क्या? उनका कोई ट्वीट भी नहीं दिख रहा हाथरस के मुद्दे पर।”
वहीँ एक अन्य ट्वीट में प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि “झांसी की वीर रानी और झांसों की इकलौती रानी में जो जमीन-आसमान का अंतर अब लोगों को समझ आ ही गया होगा।”
दरअसल सुशांत सिंह राजपूत मामले में कंगना रनौत ने बड़े बड़े बयान देते हुए मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार पर सवाल उठाये थे। कंगना रनौत ने बीएमसी द्वारा उनके ऑफिस पर की गई कार्रवाही पर भी कई अनावश्यक बयान दिए थे। कंगना ने खुद को महिला होने के नाते दबाये जाने की बात कही थी।
