हाथरस के लिए निकले राहुल-प्रियंका, पार्टी सांसद भी साथ
नई दिल्ली। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी आज कांग्रेस सांसदों के साथ गैंग रेप पीड़िता के परिजनों से मुलाकात करने चंदपा (हाथरस) पहुंच रहे हैं। सांसद दो बसों में सवार हैं। एहतियातन नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इससे पहले गुरूवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हाथरस जाने की कोशिश में एक्सप्रेसवे पर हिरासत में ले लिया गया था। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नियंत्रण में करने के लिए लाठीचार्ज भी किया था।
इससे पहले कल एसआईटी जाँच रिपोर्ट आने के बाद प्रदेश सरकार ने हाथरस के डीएम, एसएसपी तथा पांच अन्य पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने गाँव में किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी। पुलिस ने गाँव के बाहर से ही मीडिया कर्मियों को भी वापस लौटा दिया।
इस दौरान कल हाथरस पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी पुलिस द्वारा बदसलूकी किये जाने का मामला सामने आया था। वहीँ मीडिया कर्मियों ने भी पुलिस पर बदसलूकी किये जाने के आरोप लगाए थे।
