राहुल, प्रियंका सहित 200 से अधिक कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मुकदमा

राहुल, प्रियंका सहित 200 से अधिक कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मुकदमा

नई दिल्ली। गुरूवार को अपने काफिले के साथ हाथरस जाने के लिए निकले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के 200 से अधिक नेताओं के खिलाफ ग्रेटर नोएडा में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमे 153 नेताओं के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है।

यह मुकदमा धारा 144 का उल्लंघन करने तथा महामारी के दौरान आम लोगों का जीवन संकट में डालने के आरोप में आईपीसी की धारा 188, और धारा 269, 270 के तहत ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक वन पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया गया है।

इससे पहले कल पुलिस ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी को हाथरस जाने से रोकने के लिए हिरासत में ले लिया उन्हें रिहा कर दिया था। प्रशासन ने कोरोना महामारी के कारण जनपद में लगाई गई धारा 144 का हवाला देकर कांग्रेस नेताओं को रोकने की कोशिश की लेकिन इस पर राहुल ने अकेले ही हाथरस तक पैदल जाने की बात कही।

इस दौरान राहुल गांधी की पुलिस से नौकझौंक और धक्का मुक्की हुई। राहुल गांधी के काफिले में चल रहे हज़ारो की तादाद में कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया। जिसमे कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर भी है।

राहुल और प्रियंका गांधी के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, राजीव शुक्ला, [पीएल पुनिया, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव, दीपेंद्र हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, आचार्य प्रमोद कृष्णम, रागिनी नायक, कांग्रेस के सचिव विवेक बंसल सहित कई पूर्व विधायक, विधायक और कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्त्ता काफिले में शामिल थे।

TeamDigital