कृषि बिलो के विरोध में आज भारत बंद
नई दिल्ली। तीन किसान बिलो के विरोध में आज देश के कई किसान संगठनो द्वारा संयुक्त रूप से भारत बंद का आह्वान किया गया है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सही कई राज्यों में बंद का असर देखने को मिल सकता है।
पंजाब में किसानो के रेल रोको आंदोलन के मद्देनज़र कई ट्रेनों का संचालन स्थगित रखा गया है। फिरोजपुर रेलवे डिवीजन के मुताबिक किसानो के रेल रोको आंदोलन के आह्वान को देखते हुए स्वर्ण मंदिर मेल (अमृतसर-मुंबई सेंट्रल), जन शताब्दी एक्सप्रेस (हरिद्वार-अमृतसर), नई दिल्ली-जम्मू तवी, करम्भभूमि (अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी), सचखंड एक्सप्रेस (नांदेड़-अमृतसर) और शहीद एक्सप्रेस (अमृतसर-जयनगर) सहित 14 ट्रेनों का संचालन रद्द किया गया हैं।
वहीँ हरियाणा में किसान संगठनों ने सौ फीसदी बंद का आह्वान किया है। हरियाणा में किसानो के बंद के आह्वान को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और किसानो के प्रदर्शन को दृष्टिगत रखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।
कृषि बिलो को लेकर विपक्ष के अधिकांश दल सरकार का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस, वामपंथी दलों सहित कई विपक्षी दलों ने कृषि बिलो के विरोध में किसानो के साथ खड़े रहने की बात कही है।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा “किसान की हुंकार कल 25 सितंबर, 2020 को #भारत_बंद के साथ पूरे देश में गूंजेगी।किसान-खेत मज़दूर पेट में अंगारे जला देश का पेट पालता है और मोदी सरकार ने उनके खेत-खलिहान पर हमला बोला है। कांग्रेस के लाखों-करोड़ों कार्यकर्ता @RahulGandhi जी के नेत्रत्व में किसानों के साथ खड़े हैं।”
