लाइव: ग्वालियर पहुंचे कमलनाथ, आज से शुरू करेंगे चुनाव अभियान

लाइव: ग्वालियर पहुंचे कमलनाथ, आज से शुरू करेंगे चुनाव अभियान

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में 28 सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव में ग्वालियर चंबल इलाके को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस इलाके की सर्वाधिक 16 सीटों पर उपचुनाव होना है। ग्वालियर-चंबल इलाके को ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ माना जाता है लेकिन इस बार यहाँ कांग्रेस बड़ी चुनौती पेश कर रही है।

सिंधिया के गढ़ में चुनावी बिगुल फूंकने स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ अब से थोड़ी देर पहले ग्वालियर पहुंच चुके हैं। कमलनाथ के ग्वालियर पहुंचने पर बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्त्ता स्वागत के लिए एयरपोर्ट के बाहर मौजूद थे।

कमलनाथ के ग्वालियर आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ख़ासा जोश दिखाई दे रहा है और पूरा ग्वालियर शहर कांग्रेसमय दिख रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए सड़को पर कार्यकर्ताओं और आम जनता की भीड़ दिखाई दे रही है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक कमलनाथ अगले दो दिनों तक ग्वालियर में रहेंगे और इस दौरान वे ग्वालियर चंबल इलाके की 16 सीटों की नब्ज़ टटोलेंगे। इतना ही नहीं कमलनाथ यहाँ 7 किलोमीटर लंबा रोड शो भी करेंगे। वे महारानी लक्ष्मीबाई के समाधि स्थल पर भी जाएंगे।

अपने दो दिन के ग्वालियर प्रवास के दौरान कमलनाथ पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे और उपचुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। कमलनाथ शनिवार रात 10:30 बजे – होटल सेंट्रल पार्क, ग्वालियर में पत्रकार वार्ता को भी संबोधित करेंगे।

कमलनाथ का रोड शो शुरू:

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का रोड शो शुरू हो गया है। कमलनाथ के काफिले में हज़ारो कांग्रेस कार्यकर्त्ता मौजूद हैं। वहीँ सड़क के दोनो तरफ बड़ी तादाद में खड़े लोग कमलनाथ का अभिवादन कर रहे हैं। जैसे जैसे कमलनाथ का काफिला आगे बढ़ रहा है, वैसे वैसे भीड़ भी बढ़ती जा रही है।

इससे पहले सुरखी सीट से पूर्व बीजेपी विधायक श्रीमती पारुल साहू ने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। भोपाल में पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने पारुल साहू को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई।


यह लाइव खबर है, थोड़ी थोड़ी देर में अपडेट होती रहेगी।

TeamDigital