सोमवार को होगी CWC की बैठक, राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाये जाने की मांग
नई दिल्ली। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक सोमवार को बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी के नए अध्यक्ष को लेकर चर्चा होगी। इस बीच कांग्रेस ने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के इस्तीफे का खंडन किया है।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक न्यूज़ चैनल से बात करते हुए सोनिया गांधी के इस्तीफा देने की खबरों को ख़ारिज कर दिया। सुरजेवाला ने इस बात से इंकार किया कि सोनिया गांधी ने पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है।
वहीँ पूरे दिन चले राजनैतिक घटनाक्रम में कांग्रेस के कई नेता सोनिया गांधी के समर्थन में खड़े दिखाई दिए। संजय निरुपम, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सोनिया गांधी के अध्यक्ष बने रहने की वकालत की।
दूसरी तरफ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक प्रस्ताव पास कर राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौंपे जाने की मांग की है। प्रस्ताव में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी आभार प्रकट किया गया है।
लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर उनसे पार्टी प्रमुख बने रहने का अनुरोध किया है। उन्होंने लिखा है, “हम कांग्रेस पार्टी के आपके नेतृत्व में हमारे पूर्ण और अटूट विश्वास को दोहराना चाहते हैं।”
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने पत्र जारी कर कहा है, “राहुल को अब कांग्रेस का नेतृत्व करना चाहिए। उनकी भावनाओं के सम्मान के साथ, हम कहना चाहेंगे, ‘राहुल, वापस आइए। जब तक वह पूर्णकालिक अध्यक्ष के रूप में पदभार नहीं संभालते, सोनिया जी को पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष के रूप में कांग्रेस परिवार का नेतृत्व करना चाहिए।”
वहीँ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि “कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखने वाले 23 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की खबर अविश्वसनीय हैं और अगर यह सच है- तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इसे मीडिया में जाने की कोई आवश्यकता नहीं थी।”
गहलोत ने कहा कि “मैं दृढ़ता से मानता हूं कि कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी को पार्टी का नेतृत्व करते रहना चाहिए। इस निर्णायक मोड़ पर जहां हमारे लोकतंत्र के मूल्यों को बचाने की लड़ाई है, उन्होंने हमेशा चुनौतियों का सामना किया है। लेकिन अगर उन्होंने अपना मन बना लिया है तो- मुझे विश्वास है कि राहुल गांधी को आगे आना चाहिए और कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहिए क्योंकि हमारा देश- हमारे संविधान और लोकतंत्र को बचाने की सबसे बड़ी चुनौती का सामना कर रहा है।
फ़िलहाल सभी की नज़रें कल होने जा रही कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक पर लगी हैं। दरअसल लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद से राहुल गांधी लगातार यह कहते रहे हैं कि वे दोबारा कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बनेगे। राहुल गांधी गांधी परिवार के बाहर के व्यक्ति को भी पार्टी अध्यक्ष बनाये जाने की वकालत करते रहे हैं।
