कोरोना वायरस फैलने से रोकने के लिये शपथ पत्र भरकर ‘सहयोग से सुरक्षा’ अभियान का शुभारंभ
पांढुर्ना(गुड़डू कावले): प्रदेश, जिला और शहर में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये आज से “सहयोग से सुरक्षा अभियान” शुरू किया गया है।
इस अवसर पर जिले में कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने शपथ पत्र भरकर जिले में “सहयोग से सुरक्षा अभियान” का शुभारंभ करते हुये शपथ ली कि “मैं देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व यह शपथ लेता हूं कि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये मैं स्वयं एवं अपने क्षेत्र में लोगों को मुंह पर मास्क, दुपट्टा, रूमाल या कपड़ा बांधकर घर से बाहर निकलने, घर के बाहर आपस में 2 गज की दूरी रखने और बार-बार साबुन और पानी से हाथ धोने के लिये प्रेरित करूंगा। कोरोना को लेकर किसी से कोई बुरा व्यवहार या भेदभाव न करते हुये सभी के साथ प्रेम और सहयोग व्यवहार करूंगा । कोरोना से इस युध्द में जो हमारी ढाल हैं जैसे डॉक्टर, नर्स, अस्पताल कर्मी, पुलिस, सफाई कर्मी एवं मैदानी कार्यकर्ता आदि का मैं हमेशा सहयोग, समर्थन और सम्मान करूंगा।”
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए आमजनो की भूमिका सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किये गए इस अभियान के तहत लोगों को मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखने और बार बार हाथ धोने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित थे।

