राजस्थान बीजेपी में दो फाड़ होने की आशंकाएं बढ़ीं, वसुंधरा के पास 50 विधायक
जयपुर ब्यूरो। राजस्थान में बीजेपी की अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आने लगी है। 14 अगस्त को राज्य विधानसभा का सत्र शुरू होने से पहले कई बीजेपी विधायकों को राजस्थान के बाहर भेजा गया है।
वहीँ सूत्रों की माने तो बीजेपी में पिछले महीने से चल रहा शीत युद्ध अब निर्णायक दौर में हैं। बताया जाता है कि वसुंधरा राजे के पास करीब 50 विधायक हैं जबकि दूसरे खेमे के 20 विधायकों को गुजरात भेजा गया था। इनमे से 14 विधायक अहमदाबाद में रुके हैं वहीँ छह विधायकों को जयपुर एयरपोर्ट से चार्टर्ड विमान से पोरबंदर भेजा गया है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी रविवार को जैसलमेर में मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि बीजेपी के अंदर आपस में फूट पड़ चुकी है, उन्होंने कहा कि हमारी जीत निश्चित है।
दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे सिंधिया ने दिल्ली में डेरा जमाया हुआ है। वे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के अलावा कई अन्य नेताओं से मिल चुकी हैं। हालाँकि अभी तक यह साफ़ नहीं हुआ कि वसुंधरा राजे के दिल्ली में डेरा डालने की वजह क्या है।
सूत्रों का कहना है कि वसुंधरा राजे राजस्थान बीजेपी के कुछ नेताओं से नाराज़ हैं। पिछले दिनों राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच पैदा हुए विवाद के बाद वसुंधरा राजे सिंधिया की ख़ामोशी को लेकर कुछ बीजेपी नेताओं ने बयान दिए थे।
खबर ये भी आई थी कि वसुंधरा राजे सिंधिया राज्य की अशोक गहलोत सरकार को गिराने के पक्ष में नहीं हैं। फिलहाल ये कहा जा रहा है कि वसुंधरा राजे सिंधिया अपने समर्थन वाले 50 विधायकों से सम्पर्क बनाये हुए हैं और ये सभी विधायक राजस्थान में ही हैं।
राजस्थान में 14 अगस्त को विधानसभा का सत्र शुरू होना है। माना जा रहा है कि अगले दो -तीन दिन बेहद निर्णायक हैं और वसुंधरा की नाराज़गी किस हद तक जायेगी ये अगले 48 घंटो में साफ़ हो जाएगा।
