चिराग पासवान ने लिखी चुनाव आयोग को चिट्ठी, अभी न कराये जाएं बिहार में चुनाव
पटना ब्यूरो। लोकजनशक्ति पार्टी के नेता और सांसद चिराग पासवान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कोरोना महामारी के दौरान बिहार में चुनाव न कराये जाने की अपील की है।
चुनाव आयोग को लिखे पत्र में बिहार में बाढ़ और कोरोना संक्रमित मामलो की बढ़ती तादाद का हवाला देते हुए कहा गया है कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी बिहार में चुनाव के लिए सही समय नहीं है।
पत्र में कहा गया है कि कोरोना महामारी अक्टूबर-नवंबर में और गंभीर हो सकती है, ऐसे में इस दौरान चुनाव कराने से लोगों की जिंदगी को खतरा होगा। कोरोना के साथ-साथ बिहार का एक बड़ा हिस्सा बाढ़ से भी प्रभावित है। बिहार के 38 में से 13 जिले बाढ़ से ग्रस्त हैं। ऐसे में WHO और ICMR की ओर से जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए चुनाव कराना कठिन होगा।
इतना ही नहीं पत्र में आगे कहा गया है कि लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव का होना जरूरी है, लेकिन इसके लिए एक बड़ी आबादी को खतरे में डालना सरासर अनुचित है। गौरतलब है कि बिहार में मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल कोरोना महामारी के बीच विधानसभा चुनाव कराये जाने पर पहले ही असहमति ज़ाहिर कर चूका है।
