एफआईआर दर्ज होने के बाद तुरंत इस्तीफा दें केंद्रीय मंत्री,नहीं तो उन्हें बर्खास्त करे केंद्र: माकन
नई दिल्ली। राजस्थान में विधायकों की खरीदफरोख्त के ऑडियो के मामले में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ मामला दर्ज होने को लेकर कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के इस्तीफे या उनकी बर्खास्तगी की मांग की है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि कांग्रेस मांग करती है कि गजेंद्र सिंह शेखावत को या तो इस्तीफा देना चाहिए या उनको तुरंत प्रभाव से हटा देना चाहिए ताकि वो जांच में हस्तक्षेप न कर सकें। उन्हें आगे आकर अपना वॉयस सैंपल देना चाहिए। अगर आपने गलत काम नहीं किया है तो वॉयस सैंपल देने से डरते क्यों हैं।
उन्होंने कहा कि क्या केंद्र सरकार सीबीआई की धमकी इसलिए दे रही है क्योंकि इसमें और भी बड़े-बड़े लोग शामिल हैं। अगर ये जांच धीरे-धीरे करके और ऊपर जाएगी तो पता नहीं कहां पर जाकर खत्म होगी, इसलिए सीबीआई की धमकी दी जा रही है।
अजय माकन ने कहा कि एंटी करप्शन ब्यूरो ने प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट की धारा 7, 7A के तहत भंवल लाल शर्मा,गजेंद्र सिंह,संजय जैन के खिलाफ FIR दर्ज की है। अगर इसकी जांच करने के लिए SOG जाती है तो क्यों उन्हें रोका जाता है? अगर ये निर्दोष हैं तो आगे बढ़कर आवाज के सैंपल क्यों नहीं देते।
इससे पहले आज कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी राजस्थान प्रकरण में बीजेपी द्वारा की गई सीबीआई जांच पर सवाल दागा कि क्या बीजेपी अपने नेताओं को क्लीनचिट देने के लिए इस मामले की सीबीआई जांच कराएगी।
इस मामले में गृह मंत्रालय द्वारा राजस्थान सरकार से रिपोर्ट मांगे जाने को लेकर राजस्थान सरकार के मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि “गृह विभाग कूदा क्योंकि भारत सरकार के नेताओं ने वहां जाकर अनुरोध किया है कि हम फंस जाएंगे, SOG के पास पूरे सबूत हैं। BJP का नंबर गेम नहीं बना,बनता तो सरकार तो गिरा ही दी थी।वो नंबर गेम पर फेल हो गए,षड्यंत्र में कोई कमी नहीं थी।”
