विकास दुवे के शव का अंतिम संस्कार, पत्नी और बेटा रिहा
लखनऊ ब्यूरो। पुलिस एनकाउंटर में मारे गए विकास दुबे के शव का पोस्टमॉर्टम के बाद कई थानों की पुलिस की मौजूदगी अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले विकास दुबे का शव का शाम सवा सात बजे करीब भैरव घाट विद्युत शवदाह गृह लाया गया, जहां पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे और नाबालिग बेटा के अलावा कुछ करीबी रिश्तेदार मौजूद रहे।
इससे पहले कल पुलिस ने विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे और नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी लेकिन पूछताछ में पुलिस टीम पर हमले में ऋचा दुबे की कोई संलिप्तता नहीं मिली।
इतना ही नहीं पूछताछ में यह भी सामने आया कि पुलिस टीम पर हमले के समय ऋचा दुबे घटना स्थल पर मौजूद नहीं थी और उसे इस घटना की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने इसकी पुष्टि की है। उनका कहना है कि ऋचा दुबे की कोई भूमिका नही मिली है। वह घटना के वक्त बिकरू में नहीं थी। इसके बाद विकास दुबे की पत्नी और बेटे को रिहा कर दिया गया।
वहीँ इससे पहले आज जब ऋचा दुबे को पति विकास दुबे के एनकाउंटर में मारे जाने की खबर मिली तो वह फूट फूट रोने लगी। जानकारी के मुताबिक ऋचा दुबे को विकास दुबे के एनकाउंटर की खबर फोन पर मिली। उसके बाद उसके घर सगे संबंधियों का आना शुरू हो गया था।
