अफवाह फैलाने के मामले में ज्योति पासवान के पिता ने दर्ज कराया मामला
पटना ब्यूरो। लॉक डाउन के दौरान अपने पिता को हरियाणा के गुरुग्राम से साइकिल पर पीछे बैठाकर कर बिहार में अपने गाँव एक लाने वाली ज्योति पासवान को लेकर सोशल मीडिया पर एक भ्रामक खबर वायरल हुई।
दरअसल बिहार में यह अफवाह दो लड़कियों का एक ही नाम होने के कारण फैली। दरभंगा जिले के एक गाँव की 12 वर्षीय लड़की ज्योति कुमारी एक बाग़ में से आम तोड़ने गई कि वहां लगाए गए बिजली के तार से चिपक कर उसकी मौत हो गई। इस घटना को लेकर दुष्कर्म का आरोप भी लगाया गया लेकिन पोस्टमॉर्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई।
इस घटना में मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। यह खबर सोशल मीडिया पर ज्योति कुमारी की जगह ज्योति पासवान के नाम से वायरल हो गई।
सोशल मीडिया ने इस खबर को बिहार की उस ज्योति पासवान से जोड़ दिया जो लॉकडाउन में अपने पिता को साईकिल पर बैठाकर अपने बिहार स्थित गाँव लेकर पहुंची थी। ज्योति पासवान के इस प्रयास को अमेरिकी राष्ट्र्पति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी ने भी ट्विटर पर सराहा था।
लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों ने बिजली का करंट लगने से मरी ज्योति कुमारी के नाम को ज्योति पासवान से जोड़कर उसके फोटो शेयर करने शुरू कर दिए। इससे आहत होकर साईकिल गर्ल ज्योति पासवान के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
