दिल्ली में होगा सभी राज्यों के मरीजों का इलाज, एलजी ने पलटा केजरीवाल का फैसला

दिल्ली में होगा सभी राज्यों के मरीजों का इलाज, एलजी ने पलटा केजरीवाल का फैसला

नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने केजरीवाल सरकार के उस फैसले को पलट दिया है जिसमे दिल्ली में सिर्फ राज्य के लोगों का ही इलाज किये जाने की बात कही गई थी।

उपराज्यपाल ने डीडीएमए अध्यक्ष के नाते अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि दिल्ली के निवासी नहीं होने के आधार पर किसी भी मरीज को इलाज से इंकार नहीं किया जाए।

इससे पहले रविवार को दिल्ली की केजरावाल सरकार ने ऐलान किया था कि दिल्ली में दिल्ली सरकार और प्राइवेट अस्पतालों में केवल दिल्ली के निवासियों का इलाज होगा जबकि दिल्ली में स्थित केंद्र सरकार के अस्पतालों में सभी का इलाज होगा। उन्होंने कहा था कि कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर दिल्ली कैबिनेट ने यह फैसला लिया है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ऐलान से एक दिन पहले आप सरकार द्वारा गठित पांच सदस्यीय समिति ने सिफारिश की थी कि कोविड-19 संकट के मद्देनजर शहर के स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल केवल दिल्लीवालों के उपचार के लिए होना चाहिए।

गौरतलब है कि दिल्ली में सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद कोरोना संक्रमण के पॉजिटिव मामलो में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है और अब दिल्ली में कोरोना संक्रमित मामलो की संख्या करीब 29 हज़ार तक पहुँच गई है।

वहीँ स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 9983 नए कोविड19 मामले और 206 मौतें रिपोर्ट की गईं। देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या अब 256611 है जिसमें से 125381 सक्रिय मामले, 124095 ठीक / डिस्चार्ज / माइग्रेटेड और 7135 मौतें शामिल हैं।

तबीयत बिगड़ने के बाद सीएम केजरीवाल ने खुद को किया आइसोलेट:

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तबीयत बिगड़ने के बाद अपने आपको आइसोलेट कर लिया है। अब उनका कोरोना टेस्ट करवाया जाएगा। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार दोपहर से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे और हल्का बुखार और गले में खराश की शिकायत के बाद उन्होंने खुद को आइसेलेट कर लिया है। इतना ही नहीं केजरीवाल को कल उनको कोविड-19 टेस्ट से गुजरना पड़ सकता है। कल दोपहर तक की उनकी सभी बैठकें रद्द कर दी गई हैं।

TeamDigital