लॉकडाउन के कारण गई 12.20 करोड़ लोगों की नौकरियां

लॉकडाउन के कारण गई 12.20 करोड़ लोगों की नौकरियां

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के चलते देशभर में लागू किये गए लॉकडाउन के कारण देश में तेजी से बेरोज़गारी बढ़ी है। आंकड़े बताते हैं कि अप्रेल और मई के महीने में बड़ी तादाद में लोगों की नौकरियां गयीं।

सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रेल के मुकाबले मई माह में बेरोज़गारी ज़्यादा बढ़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक 31 मई को समाप्त हुए हफ्ते में देश में बेरोजगारी की दर 23.48 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

अप्रैल महीने में बेरोजगारी की दर 23.52 प्रतिशत थी। वहीं 24 मई को समाप्त हुए हफ्ते में बेरोजगारी की दर 24.3 प्रतिशत थी। ये दर लॉकडाउन लागू होने के पहले 8 हफ्तों की अवधि के औसत 24.2 प्रतिशत दर से अधिक है।

जनवरी 2020 में शहरी बेरोजगारी की दर 9.70 प्रतिशत थी वहीं मई में 16.09 प्रतिशत बढ़कर 25.79 प्रतिशत तक जा पहुंची। इसी तरह जनवरी 2020 में ग्रामीण बेरोजगारी की दर 6.06 प्रतिशत थी जो कि मई महीने में 16.42 प्रतिशत बढ़कर 22.48 प्रतिशत पर पहुंच गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक केंद्र सरकार द्वारा लॉकडाउन के नियम में शिथिलता लाने के बाद मई महीने में 2 करोड़ लोगों ने फिर से नौकरी पर जाना शुरू किया है। जिसकी वजह से देश में रोजगार की दर 2 प्रतिशत बढ़कर 29 प्रतिशत पर पहुंच गई है। जबकि यही दर अप्रैल में 27 प्रतिशत पर थी।

रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना संक्रमण के कारण देशभर में 25 मार्च को लागू किये गये लॉकडाउन के कारण देश में करीब 12.20 करोड़ लोगों को नौकरी गंवानी पड़ी है।

TeamDigital