केंद्र की भाजपा सरकार में ढाई गुना गाय के मांस का आयात बढ़ा है: आजम

बिजनौर । उत्तर प्रदेश की सपा सरकार के कद्दावर मंत्री आजम खां ने कहा कि देश का बादशाह झूठ बोलता है। बादशाह ने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया। झूठ बोलने वाला राजा नहीं ठग है। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों को नसीहत दी कि वह अपने रिश्तों को कायम रखे। क्योंकि दंगा करने व कराने वाले किसी के नहीं होते हैं।
आजम खां ने कहा कि उन्हें पाकिस्तान भेजने की जो बात कही जाती है, उससे उन्हें बेहद दुख होता है। रविवार को बिजनौर के कुंवर सत्यवीरा इंजीनियरिंग कॉलेज में विधायक रुचिवीरा की ओर से आयोजित ई-रिक्शा वितरण समारोह में आजम खां ने कहा कि देश में औरत को वह हक नहीं मिल रहा, जो उन्हें मिलना चाहिए।
दुनियाभर में औरतों की हालत बेहद खराब है। औरतें सुबह से शाम तक नौकरी पर जाती है और बच्चों को पालती है। उन्होंने कहा कि ऐसे भी तर्जुबे हैं कि तवायफ भी खानदानी औरत बन गई और अपना घर चला रही है। आजम खां ने कहा कि अगर घर का मुखिया खराब है, तो उसकी औलाद भी अच्छी नहीं होगी। बाप कातिल है तो बेटा जरूर बदमाश होगा। उन्होंने कहा कि देश का बादशाह झूठा है वह देश को बर्बाद कर रहा है। बादशाह ने गरीबों के खाते में 15 से 20 लाख रुपये पहुंचाने की बात कही, पर किसी के खाते में एक भी पैसा नहीं आया।
चाय बेचने की बात कहने वाले बादशाह ने सूट भी इतना महंगा पहना कि कोई मुगल बादशाह भी नहीं पहन सकता। ये हाल हमारे देश के बादशाह का है। आजम खां ने कहा कि जब लोकतंत्र की बुनियाद टेढ़ी होगी, तो इमारत कैसे अच्छी होगी। आजम ने कहा कि उन्हें मुजफ्फरनगर का दंगाई साबित किया गया। जांच में उनका कोई नाम नहीं आया।
जिसने दंगा कराया उसे लोकसभा भेज दिया गया। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का नाम लिए बिना कहा कि बडे़ सिर वाले जो देश को तोड़ रहे हैं वह केंद्र की सरकार को चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के बादशाह ई – रिक्शा के नाम पर व्यापार कर रह हैं।
बादशाह ने नोएडा में दो लाख की ई रिक्शा दी है। यह रिक्शा अपने दोस्त से खरीदकर दी है। दो प्रतिशत ब्याज भी लगाया गया है। आजम ने कहा कि उन्होंने पहले किस्त में 600 करोड़ की ई रिक्शा दी। अगली सरकार बनने पर कोई पैरों से रिक्शा चलाता नहीं मिलेगा। सभी के पास मोटर वाली रिक्शा होगी।
आजम खां ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार में ढाई गुना गाय के मांस का आयात बढ़ा है। देश के पांच से लेकर दस सितारा होटल तक में खुलेआम गाय काटी जा रही है। अगर ये बात गलत हो तो वह अपने हाथ कहीं अंगुली कटवा देंगे। आजम खां ने कहा कि उन्हें जब पाकिस्तान की बात कही जाती है, तो दिल दुखता है। उन जैसे सच्चे देश भक्त के बारे में इस तरह की बातें की जाती है।
