कोरोना का कहर जारी, 24 घंटे में 3320 नए मामले, 95 की मौत
नई दिल्ली। देश में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24घंटों में कोरोना वायरस के 3,320 और मामले सामने आए हैं और 95 मौतें हुई हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 59,662 हो गई है। इसमें 39,834 सक्रिय मामले, 17,847 ठीक/ डिस्चार्ज/विस्थापित मामले और 1,981 मौतें शामिल हैं।
कर्नाटक में कल शाम 5 बजे से आज दोपहर 12 बजे तक कर्नाटक में कोरोना वायरस के 36 मामले सामने आए हैं। राज्य में अब कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 789 है इसमें डिस्चार्ज हो चुके 379 मामले और 30 मौतें शामिल हैं: कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग
महाराष्ट्र में 714 पुलिसकर्मियों का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है, इनमें से कोरोना के 648 मामले सक्रिय हैं, 61 लोग ठीक हो चुके हैं और 5 मौतें हुई हैं। लॉकडाउन के दौरान पुलिस पर हमले की 194 घटनाएं हुई हैं और इसके लिए 689 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है: महाराष्ट्र पुलिस
राजस्थान में राज्य मेंकोरोना वायरस के 57 नए मामले सामने आए हैं इसके बाद राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 3,636 हो गई है। राज्य में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का आंकड़ा 103 है: राजस्थान स्वास्थ्य विभाग
छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल ने कल PM को पत्र लिखकर कोरोना संक्रमण की वजह से उपजे आर्थिक संकट को नियंत्रित करने के लिए अगले 3 महीनों में राज्य के लिए 30,000 करोड़ रुपये के पैकेज की मांग की हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 30,000 करोड़ में से 10,000 करोड़ रुपये तुरंत जारी करने का आग्रह किया है।
दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना वायरस को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उत्तर-पूर्वी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान हर्षवर्धन ने कहा कि हम अपने देश में कई अन्य विकसित देशों की तरह बहुत खराब स्थिति की आशंका नहीं रखते हैं, लेकिन फिर भी हमने पूरे देश को सबसे खराब स्थिति से निपटने के लिए तैयार किया है।
उन्होंने बताया कि देश में कोरोना मृत्यु दर लगभग 3.3 फीसदी बनी हुई है और रिकवरी दर 29.9 फीसदी तक बढ़ गई है, ये बहुत अच्छे संकेतक हैं। पिछले तीन दिनों के लिए दोहरीकरण की दर लगभग 11 दिन रही है, पिछले सात दिनों में यह 9.9 दिन हो गए हैं।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने गुजरात के अहमदाबाद सिविल अस्पताल में डॉक्टरों से मिलकर कर उन्हें कोरोना वायरस के इलाज पर सलाह दी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को पत्र लिखकर कहा है कि प्रवासी मजदूरों की घर वापसी के लिए उन्हें राज्य सरकार का सहयोग प्राप्त नहीं हो पा रहा है। शाह ने कहा कि प्रवासी मजदूरों के साथ पश्चिम बंगाल पहुंचने वाली ट्रेनों को राज्य सरकार अनुमति नहीं दे रही है। पश्चिम बंगाल तक ट्रेनों को नहीं आने देना प्रवासी मजदूरों के साथ अन्याय है।
