आराम करने पटरियों पर रुके थे प्रवासी मजदूर, 16 मजदूरों को मालगाड़ी ने कुचला
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में प्रवासी मजदूरों के ऊपर से उस समय मालगाड़ी निकल गई जब वे पैदल चलने के बाद थकान के कारण रेल की पटरियों पर आराम करने के उद्देश्य से रुक गए थे। इस दौरान मजदूरों को थकान के कारण नींद आ गई और पटरी पर सो रहे सभी 16 प्रवासी मजदूरों को एक मालगाड़ी रौंदती हुई निकल गई। वहीँ इस घटना में तीन प्रवासी मजदूर बच गए क्यों कि रेलवे पटरी से थोड़ी दूर पर लेटे थे।
रेलवे मंत्रालय ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। मंत्रालय ने ट्वीट करके बताया कि ट्रेन के ड्राइवर ने रोकने का प्रयास किया लेकिन वह हादसे को टाल नहीं पाया। यह दुर्घटना परभानी-मनमाड़ सेक्शन में बदनापुर-करमाड स्टेशनों के बीच हुआ।
पुलिस के अनुसार करमाड पुलिस थाना क्षेत्र में आज सुबह यह दुर्घटना हुई जब मजदूर सुबह 5.15 बजे गुड्स ट्रेन की चपेट में आ गए। दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO), महाराष्ट्र के मुताबिक औरंगाबाद में करमाड के पास एक हादसा हुआ, मालगाड़ी का एक खाली रैक कुछ लोगों के ऊपर चढ़ गया। स्थिति का जायज़ा लेने के RPF और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच रही है। अधिक जानकारी का इंतज़ार है।
रेल मंत्रालय के मुताबिक आज सुबह ट्रैक पर कुछ मजदूरों को देखने के बाद मालगाड़ी के लोको पायलट ने ट्रेन को रोकने की कोशिश की,लेकिन परभणी-मनमाड सेक्शन के बदनपुर और करमाड स्टेशनों के बीच उन्हें टक्कर लग गई। घायलों को औरंगाबाद सिविल अस्पताल ले जाया गया है। जांच के आदेश दिए गए हैं। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई है और 5 लोग घायल हो गए। घायलों को औरंगाबाद के सिविल अस्पताल भेजा गया है।
औरंगाबाद के एसपी मोक्षदा पाटिल के मुताबिक, ‘सुबह 5:15 बजे बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, एक मालगाड़ी गुजर रही थी उसके नीचे मजदूर आ गए। इसमें 16 मजदूरों की मौत हो गई। एक घायल है, 4 लोग जो दूर बैठे थे उनसे हम पूछताछ कर रहे हैं।’
न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में मोक्षदा पाटिल ने बताया कि,’जो आदमी बचा है उसने बताया है कि ये लोग जालना से निकले थे और भूसावल जाना चाहते थे, जहां से वो ट्रेन पकड़ना चाहते थे। ये पैदल जा रहे थे, पटरी पर वो आराम करने के लिए लेटे थे, उनको नींद आ गई और ये हादसा हो गया।’
जो आदमी बचा है उसने बताया है कि ये लोग जालना से निकले थे और भूसावल जाना चाहते थे, जहां से वो ट्रेन पकड़ना चाहते थे। ये पैदल जा रहे थे, पटरी पर वो आराम करने के लिए लेटे थे, उनको नींद आ गई और ये हादसा हो गया: मोक्षदा पाटिल, SP औरंगाबाद #Maharashtra https://t.co/paHbbAVgtv
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 8, 2020
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस घटना पर कड़ा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि ‘महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हुए रेल हादसे की खबर से मैं दुखी हूं। मैंने रेल मंत्री पीयूष गोयल से बातचीत की है और वे इस मामले पर बारीकी से नज़र रखे हुए हैं। सभी जरूरी मदद की जा रही है।’
