मध्यप्रदेश: उपचुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, मुकुल वासनिक को मिली कमान
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में विधायकों के इस्तीफे से खाली हुई 24 सीटों पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी हाईकमान ने राज्य में दीपक बाबरिया के स्थान पर मुकुल वासनिक को प्रभारी नियुक्त किया है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में कांग्रेस के ख़राब प्रदर्शन के बाद दीपक बाबरिया ने इस्तीफा दे दिया था लेकिन पार्टी हाईकमान ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था।
कांग्रेस की कोशिश होगी की वह 24 सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव में अधिक से अधिक सीटें जीते। पार्टी सूत्रों की माने तो पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की सलाह पर ही पार्टी हाईकमान ने एक बार फिर मुकुल वासनिक को राज्य कांग्रेस का प्रभार सौंपा है।
कमलनाथ के मुकुल वासनिक से पुराने और करीबी रिश्ते हैं। वहीँ अब मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में जाने के बाद राज्य में प्रमुख तौर पर कांग्रेस के अंदर की गुटबंदी खत्म हो चुकी है। अब राज्य में कांग्रेस के दो बड़े चेहरों कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच अच्छा तालमेल है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक विधानसभा उपचुनाव कमलनाथ के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। वहीँ चुनाव के लिए कमलनाथ और दिग्विजय सिंह चुनावी रणनीति तैयार करेंगे।
सबसे अहम बात यह भी है कि जिन 24 सीटों पर उपचुनाव होना है, वे सिंधिया परिवार के अधिपत्य वाले ग्वालियर-चंबल संभाग से जुडी हैं और अधिकांश सीटों पर दलित मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं।
