WHO ने चेताया: कोरोना महामारी का सबसे बुरा वक़्त अभी आना बाकी

WHO ने चेताया: कोरोना महामारी का सबसे बुरा वक़्त अभी आना बाकी

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण से दुनियाभर में अब तक 171255 लोगों की मौत हो चुकी है। इस महामारी के चलते दुनिया के कई बड़े देशो की अर्थव्यवस्था को बड़ा नुकसान पहुंचा है।

अमेरिका जैसे बड़े देश अभी भी कोरोना संक्रमण से जूझ रहे हैं, यहाँ प्रतिदिन कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। अमेरिका में कोरोना संक्रमण के अब तक 792,938 पॉजिटिव मामले सामने आये हैं तथा इस महामारी से अबतक 42,518 लोगों की मौत हो चुकी है।

इस बीच सोमवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चेतावनी दी है कि अभी कोरोना महामारी का इससे भी खतरनाक दौर आना शेष है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के डायरेक्टर जनरल टेड्रोस एडहैनम घेब्रियेसुस ने कहा कि कोरोना महामारी का सबसे बुरा वक्त आना अभी बाकी है।

स्विट्जरलैंड में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए टेड्रोस एडहैनम घेब्रियेसुस ने कहा कि हम पर भरोसा करें, कोरोना का सबसे बुरा वक्त अभी आगे है, हम सब इस त्रासदी को रोकें। कई लोग अब भी इस वायरस के बारे में समझ नहीं पाए हैं और गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति मर रहे हैं, वे महज कोई संख्या या आंकड़े नहीं हैं। सिर्फ एक जिंदगी भी कीमती होती है। कोरोना महामारी को हल्के फ्लू या इंफेक्शन की तरह लेना ठीक नहीं बल्कि यह घातक साबित हो रहा है।

डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस एडहैनम घेब्रियेसुस ने कोरोना संक्रमण की तुलना स्पेनिश फ्लू से करते हुए कहा कि अब हमारे पास बेहतर तकनीक है, हम इस तरह की त्रासदी को रोक सकते हैं। गौरतलब है कि वर्ष 1918 में स्पेनिश फ्लू ने भारी तबाही मचाई थी। करीब दो वर्षो तक चली इस महामारी से दुनियाभर के 50 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमित हुए थे और करीब 2 करोड़ से 5 करोड़ के बीच लोगों की जान चली गई थी और यह आंकड़े प्रथम विश्वयुद्ध में मारे गए सैनिकों व नागरिकों की कुल संख्या से ज्यादा हैं।

TeamDigital