महाराष्ट्र: लॉकडाउन में जन्मदिन पर भीड़ जमा करने वाला बीजेपी पार्षद गिरफ्तार
मुंबई ब्यूरो। महाराष्ट्र में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले बीजेपी पार्षद के खिलाफ मामला दर्जकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालाँकि उसे बाद में ज़मानत पर रिहा कर दिया गया।
नवी मुंबई पुलिस के मुताबिक पनवेल नगर निगम के भाजपा पार्षद अजय बहिरा को लॉकडाउन का उल्लंघन करने और अपने दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाने के लिए गिरफ्तार किया गया और बाद में बेल पर छोड़ दिया गया।
नवी मुंबई पुलिस ने उन पर और 11 अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक बीजेपी पार्षद ने अपना जन्मदिन मनाने के लिए लॉकडाउन का उल्लंघन किया और जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया।
महाराष्ट्र में बीजेपी नेताओं द्वारा लॉकडाउन तोड़ने और सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियाँ उड़ाने का यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले 06 अप्रेल को महाराष्ट्र के वर्धा जिले के बीजेपी विधायक ने अपने जन्मदिन पर करीब 200 लोगों के बीच अनाज बांटने के लिए न सिर्फ लॉक डाउन का उल्लंघन किया बल्कि सोशल डिस्टेंसिंग की भी धज्जियां उड़ाईं थीं।
वर्धा के सब डिविजनल अधिकारी हरीश धार्मिक के मुताबिक बीजेपी विधायक दादाराव केचे ने लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए अपने जन्मदिन पर करीब 200 लोगों के बीच अनाज बंटवाया।
नियम तोड़ने के आरोप में केचे पर महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि उन्होंने इस तरह के किसी भी काम के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली थी।
