राहुल बोले ‘ताली बजाने या दीया जलाने से नहीं, कोरोना टेस्ट बढ़ाने से होगा समाधान’

राहुल बोले ‘ताली बजाने या दीया जलाने से नहीं, कोरोना टेस्ट बढ़ाने से होगा समाधान’

नई दिल्ली। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोरोना टेस्ट का दायरा बढाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ‘भारत में कोरोना वायरस से निपटने के लिए पर्याप्त रूप से टेस्ट नहीं हो पा रहे हैं।’

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि ‘लोगों के ताली बजाने और दीया जलाने से इस समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता है।’

ट्विटर पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि ‘कोविड-19 से निपटने के लिए भारत अभी पर्याप्त टेस्ट नहीं कर रहा है। उन्होंने अपने ट्वीट मेें एक ग्राफ भी शेयर किया है जिसमें दुनियाभर में प्रति मिलियन आबादी के हिसाब होने वाले टेस्ट और पॉजिटिव पाए जाने वाले मामलों के बीच संबंध को प्रदर्शित किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कोरोना टेस्ट की दर बढ़ाए जाने की मांग कर चुकी हैं। प्रियंका ने टेस्टिंग की दर बढ़ाने को जरूरी बताते हुए ट्वीट कर कहा है कि इससे रोग की गंभीरता और फोकल पाइंट्स के संबंध में अधिक मूल्यवान जानकारी प्राप्त होती है।

वहीँ इससे पहले प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के बांदा में मेडिकल स्टाफ का वेतन काटे जाने पर प्रदेश की योगी सरकार से सवाल उठाये हैं। प्रियंका ने डॉक्टरों और इन मेडिकल स्टाफ के सैनेटाइजर, मास्क जैसे सुरक्षा उपकरणों की मांग का समर्थन किया।

प्रियंका ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि ‘यह महत्वपूर्ण है कि जांच की गति को बढ़ाया जाए। जांच से ही बीमारियों की गंभीरता का पता चलता है। इस लॉकडाउन के परिणाम तभी नजर आएंगे जब बड़े पैमाने पर जांच होगी और चिकित्सा व्यवस्था की मदद के लिए कदम उठाए जाएंगे।’

गौरतलब है कि कोरोना संकट को लेकर देश में लागू किये गए 21 दिनों तक लागू किए गए लॉकडाउन के नौवें दिन शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के नाम एक वीडियो सन्देश जारी कर कहा कि कोरोना के अंधकार को प्रकाश की ताकत से हराने की जरूरत है। इसके लिए प्रधानमंत्री ने लोगों से रविवार को रात नौ बजे नौ मिनट तक दीया जलाने की अपील की है।

TeamDigital