Update: देशभर में कोरोना मरीजों की संख्या हुई 2301

Update: देशभर में कोरोना मरीजों की संख्या हुई 2301

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना संक्रमित मरीजों के लगातार नए मामले सामने आ रहे हैं और अब कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़कर 2301 हो गई है। वहीँ कोरोना संक्रमण से अब तक देश में 56 लोगों की मौत हो चुकी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक कोरोना संक्रमण के 2301 मामलो में से 2088 सक्रिय मामले हैं, 156 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और एक बाहर चला गया है।

कोरोना संक्रमण से आज गुजरात में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि राजस्थान में 21,आंध्र प्रदेश में 12, हरियाणा में आठ, यूपी के आगरा में छह, मुंबई के धारावी में एक और गोवा में एक नए मामले सामने आए हैं।

हरियाणा सरकार के अनुसार, आज कोरोना पॉजिटिव के आठ नए मामले सामने आए हैं। इनमें पांच गुरुग्राम और तीन नूंह के हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 43 हो गई है। इनमें से 13 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

बिहार के भोजपुर जिले में एक कोरोना वायरस संदिग्ध की गुरुवार शाम मौत होने के बाद इस रोग से प्रदेश में अब तक मौत के दो मामले सामने आए हैं। इससे पहले मुंगेर निवासी एक मरीज की 21 मार्च को मौत हो गई थी। प्रदेश में इस रोग के 29 पॉजिटिव मामले अब तक सामने आ चुके हैं।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 400 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। वहीँ राजस्थान के भीलवाड़ा में पिछले तीन दिनों में कोरोना संक्रमण का कोई पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है। यहाँ अब तक 26 में से 13 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। भीलवाड़ा में कोरोना संक्रमण को लेकर एहतियातन कर्फ्यू लगाया गया है।

आंध्र प्रदेश के नोडल अधिकारी, अर्जा श्रीकांत ने बताया कि राज्य में आज 12 और कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमित मामलों की कुल संख्या 161 हो गई है।

मध्य प्रदेश के इंदौर में पिछले 24 घंटों में 14 नए मामलों की पुष्टि के बाद मध्यप्रदेश के इंदौर में कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आए मरीजों की संख्या 89 हो गई है। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि 14 नए मरीजों में तीन महिलाएं और 11 पुरुष हैं। इन मरीजों की उम्र 19 से 60 साल के बीच है।

गोवा में आज एक नया मामला सामने आया है। संक्रमित मरीज ने कुछ दिन पहले मोजाम्बिक और केन्या की यात्रा की थी। इसी के साथ राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या छह हो गई है। गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने यह जानकारी दी है।

उत्तर प्रदेश के आगरा के जिला मजिस्ट्रेट प्रभु एन सिंह ने बताया कि आगरा में कोरोना के छह नए मामले सामने आए हैं। ये सभी उन 28 लोगों में से हैं जो दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी के साथ आगरा में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।

TeamDigital