पुलिसकर्मी ने मजदूर के माथे पर लिखा ‘मैंने लॉकडाउन तोडा’, लाइन हाज़िर
भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश के छत्तरपुर जिले के गोरिहांर इलाके में इंसानियत को शर्मसार कर देने का एक मामला प्रकाश में आया है। लॉकडाउन के दौरान बाहर निकले एक मजदूर के माथे पर एक महिला पुलिसकर्मी ने मारकर से ‘मैंने लॉकडाउन का उल्लंघन किया’ लिख दिया।
जब यह मामला प्रकाश में आने के बाद तूल पकड़ता दिखाई दिया तो उक्त महिला सब इंस्पेक्टर को लाइन हाज़िर कर दिया गया है। इस घटना पर छत्तरपुर के पुलिस अधीक्षक कुमार सौरभ ने कहा कि इस तरह की कार्रवाही को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाही की जायेगी। मामला संज्ञान में आने के बाद महिला पुलिस सब इंस्पेक्टर को पुलिस लाइंस भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते देशभर में 14 अप्रेल रात 12 बजे तक के लिए लॉकडाउन का एलान किया गया है। देशभर में अब तक कोरोना से 25 लोगों की हो चुकी है। वहीँ कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1029 हो गई है।
मध्यप्रदेश में रविवार तड़के उज्जैन की 17 वर्षीय किशोरी समेत पांच और मरीजों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। इनमें से दो लोगों की पहले ही मौत हो चुकी है।
