कोरोना: स्पेन की राजकुमारी की मौत, दुनियाभर में मौत का आंकड़ा 30 हज़ार के पार

कोरोना: स्पेन की राजकुमारी की मौत, दुनियाभर में मौत का आंकड़ा 30 हज़ार के पार

नई दिल्ली। दुनियाभर में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद में हो रही बढ़ोत्तरी के बीच कोरोना से हुई मौत का आंकड़ा तीस हज़ार के पार हो गया है। अकेले यूरोप में ही 20,000 से अधिक की जानें जा चुकी है।

वहीँ कोरोना से जूझ रहीं स्पेन की राजकुमारी मारिया टेरेसा की मौत हो गई है। उनके भाई प्रिंस सिक्सटो एनरिके डी बॉरबोन ने एक फेसबुक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है कि राजकुमारी की मौत 26 मार्च को हुई थी। नोवस कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उनका इलाज चल रहा था। पूरी दुनिया में किसी रॉयल फैमिली से यह पहली मौत है।

अमेरिका में भी कोरोना वायरस का जानलेवा प्रकोप जारी है। अमेरिका में रविवार सुबह 9 बजे तक कोरोना संक्रमित मामलों का आंकड़ा बढ़कर 124,377 पहुंच गया है। वहीं, मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,190 हो गई है। इसके अलावा 1,095 मरीज बीमारी से रिकवर हुए हैं। सबसे अधिक मामले न्यूयॉर्क से सामने आ रहे हैं, जहां कोरोना वायरस की चपेट में आकर अब तक 672 लोगों की जान चली गई है।

चीन में कोरोना वायरस से संक्रमण के 45 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि यह 27 मार्च की तुलना में कम है. 27 मार्च को संक्रमण के 54 मामले सामने आए थे। रविवार को चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि 45 में एक संक्रमित व्यक्ति विदेश से लौटा था। शनिवार को चीन में कोरोना से पाँच लोगों की मौत हुई।

चीन में अब तक कोरोना से 3,300 लोगों की मौत हो चुकी है और इससे संक्रमण के 81,439 मामले सामने आए हैं। वहीं चीन के वुहान में लगी पाबंदी धीरे-धीरे हटाई जा रही है। आसपास के इलाक़ों से वुहान को काट दिया गया लेकिन अब धीरे-धीरे इसे ख़त्म किया जा रहा है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर जानकारी दी कि व्हाइट हाउस की कोरोना वायरस टास्क फॉर्स ने न्यूयॉर्क में सख्त ट्रैवल एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए हैं। कोरोना वायरस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि क्वारनटीन की जरूरत नहीं है। आज रात सीडीएस इस बारे में फैसला लेंगे।

TeamDigital