मन की बात में पीएम मोदी ने लॉकडाउन को लेकर कही ये बात

मन की बात में पीएम मोदी ने लॉकडाउन को लेकर कही ये बात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों को अपने संबोधन में कोरोना को लेकर देशभर में किये गए लॉकडाउन को लेकर कहा कि वे देशवासियों से माफी मांगते हैं, क्योंकि कुछ ऐसे फैसले लेने पड़े हैं जिनसे देशवासियों को तकलीफ उठानी पड़ रही है। हालांकि पीएम मोदी ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनज़र लागू लॉकडाउन को जरूरी फैसला बताया। पीएम मोदी ने गरीबों से विशेषकर क्षमा मांगी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से कहा कि कुछ फैसलों के कारण आपकी जिंदगी में परेशानी आ गई है। गरीबों को खास दिक्कत हुई है. पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें मालूम है कि कुछ उनसे नाराज भी होंगे। मगर कोरोना से लड़ने के लिए ये कदम जरूरी थे। पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना वायरस इंसान को मारने की जिद ले बैठा है। उन्होंने कहा कि लॉक डाउन आपको बचाने के लिए लगाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोविड 19 से लड़ाई कठिन है और इससे मुकाबले के लिए ऐसे फैसलों की आवश्यकता थी। भारत के लोगों को सुरक्षित रखने के लिए ये जरूरी था।’

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में कोरोना वायरस को हराने वाले कुछ लोगों व डॉक्टरों से भी बात की। उन्होंने कहा कि ‘इस लड़ाई के योद्धा डॉक्टर, पैरा-मेडिकल व अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग हैं। मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘धन और किसी खास कामना को लेकर नहीं, बल्कि मरीज की सेवा के लिए, दया भाव रखकर कार्य करता है, वो सर्वश्रेष्ठ चिकित्सक होता है। जो हमारे फ्रंट लाइन सोल्जर हैं। खासकर के हमारी नर्सेज बहनें हैं, नर्सेज का काम करने वाले भाई हैं, डॉक्टर हैं, पैरा मेडिकल स्टाफ हैं, ऐसे साथी जो कोरोना को पराजित कर चुके हैं।’

पीएम मोदी ने कहा कि ‘आज हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। साथियों हमारे यहां तमाम साथी आपको, पूरे देश को इस संकट से बाहर निकालने में जुटे हैं। ये जो बाते हमें बताते हैं उन्हें हमें सुनना ही नहीं है, बल्कि उन्हें जीवन में उतारना भी है।’

TeamDigital