शिवसेना ने पोस्टर में अमित शाह को दिखाया गब्बर सिंह, भड़की बीजेपी

amit-shah-gabbarsingh

मुंबई। शिवसेना ने मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का मजाक उड़ाने वाले पोस्टर चस्पां किये और पार्टी की शहर इकाई के प्रमुख आशीष शेलार का दक्षिण मुंबई में पुतला फूंका। इससे सत्तारूढ़ गठबंधन के दोनों सहयोगी दलों के बीच की तल्खी और बढ़ गयी है।

इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए भाजपा ने चेताया है कि यदि शिवसेना नेतृत्व अपने कार्यकर्ताओं पर लगाम कसने में विफल रहता है तो वह ‘‘माकूल जवाब’’ देने में सक्षम है। दोनों दलों के बीच जारी गतिरोध को और बढ़ाते हुए शिवसेना कार्यकर्ताओं ने ऐसे पोस्टर चस्पां किये, जिसमें शाह और भाजपा के मुख्य प्रवक्ता माधव भंडारी बॉलीवुड फिल्म ‘‘शोले’’ के किरदारों के परिधान में नजर आ रहे हैं।

इसके अलावा शेलार का पुतला दहन किया गया। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने शिवसेना को भाजपा नेताओं के पुतला दहन के खिलाफ चेताया था। भाजपा के प्रकाशन ‘मनोगत’ में भंडारी के हालिया आलेख को लेकर ये नयी हलचल हुई है। आलेख में भंडारी ने शिवसेना को सत्ता से अलग होने की चुनौती दी थी और पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे की तुलना ‘शोले’ में हास्य कलाकार असरानी की जेलर वाली प्रख्यात भूमिका से की थी।

मंगलवार रात इस मुद्दे पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए राज्य भाजपा के सचिव और विधान पाषर्द सुजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में शिवसेना कार्यकर्ताओं के लगातार उकसावे के बावजूद भाजपा शांत रही है। अगर कोई इसका दूसरा अर्थ निकाल रहे है तो उन्हें स्पष्ट रूप से यह समझना चाहिए कि भाजपा माकूल जवाब देने के लिए सक्षम है।

TeamDigital