मेरठ एसपी के वायरल वीडियो पर जागी सरकार, नकवी बोले ‘यदि यह सच है तो हो कार्रवाही’

मेरठ एसपी के वायरल वीडियो पर जागी सरकार, नकवी बोले ‘यदि यह सच है तो हो कार्रवाही’

नई दिल्ली। मेरठ में नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान वायरल हुए मेरठ के एसपी (सिटी) अखिलेश नारायण सिंह के वीडियो को लेकर अब सरकार की नींद खुलती दिख रही है। हालाँकि अभी भी उत्तर प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एसपी सिटी की भाषा को सही ठहरा रहे हैं।

अब इस मामले में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि अगर यह वीडियो सच है तो यह निंदनीय है और इस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि मेरठ के एसपी(सिटी) का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमे वे कुछ मुस्लिम लोगों से पाकिस्तान जाने के लिए कह रहे हैं।

इस पूरे प्रकरण पर पुलिस जो सफाई दे रही है, उसका कोई साक्ष्य अभी तक सामने नहीं आया। पुलिस का आरोप है कि नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम लोग पाकिस्तान समर्थक नारे लगा रहे थे। इसलिए एसपी सिटी ने उनसे इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया।

वहीँ कई बीजेपी नेता एसपी (सिटी) अखिलेश नारायण सिंह की भाषा को सराह रहे हैं। वहीं मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार ने भी एसपी का बचाव करते हुए कहा था कि वायरल हुई वीडियो बीते 20 दिसंबर को मेरठ शहर में हुए उपद्रव के बाद की है। उन्होंने बताया था कि इसमें तथ्य यह है कि वहां भारत विरोधी एवं पड़ोसी देश जिंदाबाद के नारे लग रहे थे।

अब इस मामले में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी का बयान सामने आया है। नकवी ने कहा कि , ‘अगर यह सच है कि एसपी ने वीडियो में यह बयान दिया है, तो यह निंदनीय है। उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।’

उन्होंने कहा, ‘किसी भी स्तर पर हिंसा, पुलिस द्वारा हो या भीड़ द्वारा, यह अस्वीकार्य है। यह लोकतांत्रिक देश का हिस्सा नहीं हो सकता। पुलिस को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि जो निर्दोष हैं, वे पीड़ित न हों।’

TeamDigital