झारखंड: तीसरे चरण के लिए मतदान जारी

झारखंड: तीसरे चरण के लिए मतदान जारी

रांची। झारखंड में तीसरे चरण के चुनाव के लिए राज्य की 17 विधानसभा सीटों पर मतदान का काम जारी है। तीसरे चरण में आज जिन 17 विधानसभाओं के लिए मतदान हो रहा है उनमे कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, रामगढ़, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, राजधनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया और कांके सीट शामिल है।

पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने इन 17 विधानसभा सीटों में से 7 सीटें जीती थीं, वहीँ तीन पर जेएमएम, तीन पर जेवीएम, दो पर कांग्रेस और एक-एक सीट पर आजसू व माले के उम्मीदवार विजयी हुए थे।

झारखंड में 5 चरणों में चुनाव कराये जा रहे हैं। आज 17 विधानसभा सीटों पर मतदान सम्पन्न होने के साथ ही तीन चरणों का चुनाव पूरा हो जायेगा। 16 को चौथे चरण का और 20 दिसंबर को आखिरी चरण का मतदान होगा और 23 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी।

झारखंड में जहाँ सत्तारूढ़ बीजेपी को अपनी ज़मीन बचाने की चुनौती है वहीँ विपक्ष के पास बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने का मौका है। बीजेपी के लिए एक बड़ी मुश्किल एनडीए के सहयोगी दलों द्वारा अकेले चुनाव लड़ना है। जनता दल यूनाइटेड, आजसू और लोकजनशक्ति पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतार कर कई सीटों पर बीजेपी के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

TeamDigital