पीएम मोदी द्वारा ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ कहने पर, राहुल गांधी ने की विदेशमंत्री को नसीहत
अहम बातें:
- ह्यूस्टन में हुए हाउडी मोदी कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा था ‘अबकी बात ट्रंप सरकार’
- पीएम मोदी के बयान पर विदेश राज्य मंत्री ने दी थी सफाई
- अब पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर दी नसीहत
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा अपने अमेरिका दौरे के दौरान ह्यूस्टन में हुए हाउडी मोदी कार्यक्रम में ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ के नारे का ज़िक्र किया था। पीएम मोदी के इस बयान पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को नसीहत दी है।
गौरतलब है कि विदेश राज्यमंत्री एस. जयशंकर ने सफाई देते हुए कहा था कि डोनाल्ड ट्रंप ने बतौर राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार 2016 में ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ का इस्तेमाल किया था, जिसे प्रधानमंत्री ने बताया। ऐसे में किसी तरह की गलतफहमी नहीं होनी चाहिए।
एक अमेरिकी पत्रकार के सवाल के जबाव में विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि ‘पीएम मोदी ने ऐसा नहीं कहा है बल्कि उन्होंने उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने जो कभी इस्तेमाल किया था उस बारे में लोगों को बताया था।’
पीएम मोदी के बयान पर विदेश राज्यमंत्री की सफाई पर राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि ‘एस. जयशंकर जी का धन्यवाद जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अक्षमता को छुपा लिया। उनके इस तरह के समर्थन ने भारत के लिए डेमोक्रेट्स के साथ संबंधों पर सवाल खड़े किए हैं। मुझे उम्मीद है कि आपके हस्तक्षेप से ये अब ठीक हो जाएगा। अब आप इसपर काम कर रहे हैं तो उनको (पीएम) कुछ कूटनीति के बारे में भी सिखाएं’।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पहले कांग्रेस नेता आनंद शर्मा भी ह्यूस्टन में हुए हाउडी मोदी कार्यक्रम में पीएम मोदी द्वारा ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ कहने पर सवाल उठा चुके हैं।
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने भी हाउडी मोदी के समय इसपर सवाल खड़े किए थे और कहा था कि ये भारत की विदेश नीति नहीं है कि देश का प्रधानमंत्री दूसरे देश में जाकर चुनाव प्रचार करे।
