बिहार उपचुनाव: महागठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

बिहार उपचुनाव: महागठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

पटना। बिहार में एक लोकसभा सीट और पांच विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में कांग्रेस महागठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल ने यह जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस समस्तीपुर लोकसभा और किशनगंज विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी. शेष चार विधानसभा सीटों पर राजद अपने उम्मीदवार उतारेगा।

इससे पहले बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अकेले चुनाव लड़ने की पैरवी की थी। कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष मदनमोहन झा, प्रदेश प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल तथा कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शनिवार को कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी।

इस मुलाकात में चुनाव गठबंधन में या अकेले लड़ने को लेकर मंथन हुआ था.लेकिन पार्टी हाईकमान प्रदेश नेतृत्व के इस सुझाव से सहमत नहीं हुआ और अंततः महागठबंधन के तहत ही उपचुनाव लड़ने का फैसला लिया गया।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि महागठबंधन के तहत समस्तीपुर से अशोक राम और किशनगंज से सईदा बानो कांग्रेस उम्मीदवार होंगी। वहीँ चार अन्य विधानसभा सीटों नाथनगर, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा और बेलहर विधानसभा सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल अपने उम्मीदवार खड़े करेगा।

गौरतलब है कि समस्तीपुर संसदीय सीट लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान का हाल में निधन होने के कारण खाली हुई है। वहीँ नाथनगर, किशनगंज, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा और बेलहर विधानसभा सीट यहां के विधायकों के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के कारण रिक्त हुई है।

TeamDigital