ममता ने बीजेपी को ललकारा, कहा “मैं देखती हूँ वो बंगाल पर कब्ज़ा कैसे कर लेंगे”

ममता ने बीजेपी को ललकारा, कहा “मैं देखती हूँ वो बंगाल पर कब्ज़ा कैसे कर लेंगे”

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। ममता बनर्जी ने बीजेपी पर विपक्षी दलों को तोड़ने और गैर बीजेपी शासित राज्यों की सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश का आरोप भी लगाया।

ममता बनर्जी ने कहा कि विपक्षी दल खंडित हो रहे हैं, जब कर्नाटक सरकार गिरी तो किसी ने कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि एक सरकार, एक नेता, एक पार्टी, मुझे लगता है कि हम राष्ट्रपति चुनाव पद्धति की और बढ़ रहे हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के मोदी सरकार के फैसले पर कहा कि मोदी कश्मीर की जनता की आवाज दबा रहे हैं।

ममता बनर्जी ने कहा कि तीन सप्ताह से ज्यादा समय से बंद कश्मीर घाटी में असंतोष की हर आवाज को दबाने के लिए सरकार ‘पाशविक बल’ का इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश के सभी प्रमुख संस्थान सेवानिवृत्त ब्यूरोक्रेट्स के हाथ में है। ये सब सरकार की ‘हां में हां’ मिलाने वाले लोग हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार या तो विपक्ष के नेताओं को ‘डराती’ है या फिर पैसे से उन्हें खरीद लेती है।

ममता बनर्जी ने कहा कि “वो कहेंगे कि वो बंगाल पर भी कब्जा कर लेंगे मैं देखूंगी कि वो कैसे करते हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी भी एजेंसी से डरते नहीं हैं, वे आज एक व्यक्ति और कल दूसरे व्यक्ति को बुलाएंगे। अगर मैं जेल जाती हूं तो मैं इसे स्वतंत्रता संग्राम के रूप में देखूंगी।”

TeamDigital