27 घंटे बाद सामने आये चिदंबरम, सीबीआई और ईडी की टीम घर में घुसी
नई दिल्ली। सीबीआई द्वारा लुकआउट नोटिस जारी किये जाने के बाद पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम मीडिया के सामने आये और उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित किया। कांग्रेस दफ्तर में उनके साथ सीनियर नेता गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल, अभिषेक मनु सिंघवी, सलमान खुर्शीद समेत कई नेता मौजूद रहे।
वहीँ दूसरी तरफ कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के जोर बाग स्थित घर पर सीबीआई और ईडी की टीमें पहुंचीं। घर का दरवाजा बंद होने की वजह से सीबीआई टीम दीवार फांदकर घर के अंदर घुसी। वहीँ थोड़ी देर बात पहुंची ईडी की टीम में चिदंबरम के घर में घुस गयी है।
मीडिया से बात करते हुए पी चिदंबरम ने कहा कि मुझे लोकतंत्र पर पूरा भरोसा है। आईएनएक्स मामले में मेरे और परिवार के खिलाफ कोई चार्जशीट नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी एफआईआर में मेरा नाम नहीं है। स्वतंत्रता लोकतंत्र की सबसे बड़ी चीज है।
उन्होंने कहा कि वह अपने वकीलों से कानूनी पेचीदगी पर बात कर रहे थे। चिदंबरम ने कहा पिछले 48 घंटों में जो हुआ है उससे देश में गलत संदेश गया है। पिछले कई दिनों से मेरे बारे में भ्रम फैलाया जा रहा है। मुझे हैरत है कि लोग मुझे फरार बता रहे हैं।
चिदंबरम ने कहा कि मैं आईएनएक्स मामले में आरोपी नहीं हूं, मेरे परिवार का कोई भी सदस्य इस मामले में अभी तक आरोपी नहीं है। उन्होंने कहा सीबीआई और ईडी ने ऐसी कोई चार्जशीट नहीं दाखिल की है जिसमें मेरा नाम हो। मेरे बारे में फैलाई गई सभी बातें पूरी तरह झूठी हैं। पिछले 13-14 महीनों से मुझे अंतरिम जमानत दी गई थी। पिछले दिनों हाईकोर्ट ने मेरी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। चिदंबरम ने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट से अपील करता हूं कि वह तत्काल रूप से मेरी याचिका पर सुनवाई करे और मुझे अंतरिम जमानत दी जाए।
पी चिदंबरम ने कहा कि मेरे और मेरे वकील साथियों ने बीती पूरी रात इस जमानत के कागजात पर मेहनत से काम किया है और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। ये पूरी तरह झूठ है कि मुझे फरार बताया जा रहा है। उम्मीद करता हूं कि स्वतंत्रता के अधिकार के तहत शुक्रवार तक जांच एजेंसियां भी कानून का पालन करेंगी।

चिदबरम को मिला राहुल, प्रियंका का साथ:
इससे पहले चिदंबरम मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने चिदंबरम के समर्थन का एलान किया। राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए चिदबंरम के चरित्र हनन के लिए मोदी सरकार ईडी और सीबीआई का प्रयोग कर रही है। उन्होंने ट्विटर पर कहा कि “चिदंबरम के चरित्र हनन के लिए मोदी सरकार ईडी, सीबीआई और रीढ़विहीन मीडिया का इस्तेमाल कर रही है। मैं सत्ता के इस दुरुपयोग की कड़ी निंदा करता हूं।”
वहीँ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि “बहुत ही योग्य और सम्मानित राज्यसभा सदस्य पी चिदंबरम जी ने दशकों तक बतौर वित्त मंत्री, गृह मंत्री और दूसरे पदों पर रहते हुए पूरी वफादारी से देश की सेवा की है।”
प्रियंका ने चिदंबरम का समर्थन करते हुए कहा कि “‘वह बेहिचक सच बोलते हैं और इस सरकार की नाकामियों का खुलासा करते हैं, लेकिन सच कायरों के लिए सुविधाजनक नहीं होता इसलिए शर्मनाक तरीके से उनका पीछा किया जा रहा है।’ प्रियंका ने कहा, ‘हम उनके साथ खड़े हैं और सच के लिए लड़ते रहेंगे, चाहे नतीजा कुछ भी हो।”
