जम्मू कश्मीर में दो कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी पर राहुल ने जताई नाराज़गी

जम्मू कश्मीर में दो कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी पर राहुल ने जताई नाराज़गी

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दो वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने नाराज़गी ज़ाहिर की है। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर को पार्टी कार्यालय जाते समय हिरासत में ले लिया गया था। वहीँ पार्टी के प्रवक्ता रवींद्र शर्मा को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से हिरासत में ले लिया गया है।

शुक्रवार को कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई द्वारा बुलाये गए संवाददाता सम्मेलन को पुलिस ने जबरन रुकवा दिया और पुलिस ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और पूर्व एमएलसी रवींद्र शर्मा को जम्मू स्थित पार्टी मुख्यालय में हिरासत में ले लिया।

जम्मू कश्मीर के कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ी नाराज़गी ज़ाहिर की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘मैं जम्मू-कश्मीर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गुलाम मीर और प्रवक्ता रवींद्र शर्मा की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं।’

राहुल गांधी ने कहा कि ‘राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के खिलाफ की गई इस अकारण कार्रवाई से सरकार लोकतंत्र को और नीचे ले गयी है। यह पागलपन कब खत्म होगा?’

वहीँ इस मामले में कांग्रेस नेता गुलामनबी आज़ाद ने कहा कि सरकार का यह कदम लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और सरकार के दोहरे रुख को दिखाता है जो कह रही है कि राज्य में स्थिति सामान्य है।

आजाद ने यह भी कहा कि रवींद्र शर्मा के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती सहित मुख्यधारा के उन सभी नेताओं को रिहा किया जाए, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।

TeamDigital