राजनाथ बोले ‘आज हमारी न्यूक्लियर पॉलिसी ‘No First Use’ है, आगे क्या होगा ये हालात बताएंगे’
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने परमाणु नीति को लेकर कहा कि आज हमारी न्यूक्लियर पॉलिसी ‘No First Use’, लेकिन आगे क्या होगा ये हालात बताएंगे।
पोखरण दौरे पर गए राजनाथ सिंह ने कहा, ‘आज तक हमारी न्यूक्लियर पॉलिसी No First Use’ है। भविष्य में क्या होगा यह परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।’ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पोखरण में अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि भी दी।
राजनाथ सिंह ने कहा, ‘यह एक संयोग है कि आज मैं जैसलमेर में इंटरनेशनल आर्मी स्काउट कम्पीटिशन के लिए आया था और आज ही अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि है। इसलिए, मुझे लगा कि मुझे पोखरण की धरती पर ही उन्हें श्रद्धांजलि देनी चाहिए।’ बता दें, जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे, तब मई 1998 में पोखरण में परमाणु परीक्षण किया गया था।
गौरतलब है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का यह बयान उस समय आया है जब कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद न सिर्फ घाटी में तनाव है बल्कि सरहद पर पड़ौसी देश पाकिस्तान के साथ भी तनाव बढ़ गया है।
सीमा पर पाकिस्तान लगातार सीज फायर का उल्लंघन करता रहा है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद सीमा पर पाक सेना की गतिविधियां बढ़ गयी हैं।
