स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी के भाषण की अहम बातें

स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी के भाषण की अहम बातें

नई दिल्ली। देश के 73वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से संबोधित करते हुए पीएम मोदी द्वारा दिया गया भाषण अनुच्छेद 370, आतंकवाद, जनसंख्या विस्फोट, जल संकट, सैन्य सुधार और पांच लाख करोड़ डॉलर की इकोनॉमी बनाने के सपने से लेकर सभी अहम मुद्दे पर केंद्रित रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाल किले से यह छठा भाषण था, जो अभी तक का उनके द्वारा दिए गए भाषणों में से सबसे लंबा था। उन्होंने सेना को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि एक नया पद चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बनाया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे सुरक्षाबलों, एजेंसियों, वर्दी में खड़े हर किसी ने अपना जीवन खपाया है। समय रहते इसमें रिफॉर्म की भी जरूरत है। सैन्य रिफॉर्म पर लंबे समय से चर्चा हो रही है।

उन्होंने कहा कि हमारी तीनों सेनाओं के बीच सामंजस्य है, इस पर हमें गर्व है लेकिन आज जैसे दुनिया बदल रही है, युद्ध के दायरे बदल रहे हैं, टेक्नोलॉजी बदल रही है, भारत को टुकड़ों में नहीं सोचना होगा। तीनों एक साथ एक ऊंचाई पर आगे बढ़ें। हमने निर्णय किया है कि हम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ पद का गठन करेंगे। इसके जरिए तीनों सेनाओं के ऊपर एक स्थायी नेतृत्व मिलेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि सेना को और सशक्त करने के लिए चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ का पद बनाया जाएगा। इससे हमारी सेना को नया नेतृत्व मिलेगा।

60 कानूनों को खत्म किया :

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने रोजाना एक कानून को खत्म किया है, ताकि लोगों पर से बोझ कम हो सके। इस सरकार के दस हफ्तों में भी 60 कानूनों को खत्म किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि अब जरूरत है कि धीरे-धीरे सरकारें लोगों के जीवन से बाहर निकलें और लोग आजादी से अपने आप को आगे बढ़ा सकें। किसी पर भी सरकार का दबाव नहीं होना चाहिए, लेकिन मुसीबत के वक्त में सरकार को हमेशा लोगों के साथ खड़े होना चाहिए।

अनुच्छेद 370 :

प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना पटेल के सपने को साकार करने जैसा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि नई सरकार को दस हफ्ते भी नहीं हुए हैं, लेकिन इतने कम समय में भी हर क्षेत्र में काम किया जा रहा है।

दस हफ्ते के भीतर ही अनुच्छेद 370, 35ए का हटना सरदार वल्लभ भाई पटेल के सपनों को साकार करने में एक कदम है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर हमला करते हुए कहा कि अगर अनुच्छेद 370 जम्मू कश्मीर के हित में था तो आप लोगों ने इसे पर्मानेंट क्यों नहीं किया। अनुच्छेद 370 के हटने से एक देश एक संविधान का सपना साकार हुआ।

तीन तलाक :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से कहा कि देश की मुस्लिम बेटियां डरी हुई थीं। भले ही वो तीन तलाक की शिकार नहीं बनी हों लेकिन उनके मन में डर रहता था। तीन तलाक को कई इस्लामिक देशों ने भी खत्म कर दिया था, तो हमने क्यों नहीं किया। अगर देश में सती प्रथा, दहेज और भ्रूण हत्या के खिलाफ कानून बना सकते हैं तो तीन तलाक के खिलाफ क्यों नहीं।

5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था :

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पांच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था कई लोगों को मुश्किल लग सकती है, मैं मानता हूं चुनौती बड़ी है लेकिन सोचेंगे नहीं तो देश कैसे चलेगा, हम आगे कैसे बढ़ेंगे। हमारा सपना बड़ा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आजादी के 70 सालों में देश दो ट्रिलियन इकोनॉमी तक पहुंचा। फिर 2014 से 19 तक हम लोग 2 से 3 ट्रिलियन तक पहुंच गए। देशवासी साथ चलें तो पांच ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था मुश्किल नहीं।

सिंगल यूज प्लास्टिक बंद हो :

प्रधानमंत्री मोदी ने पॉलीथिन के इस्तेमाल न करने की अपील करते हुए कहा कि देश में अब सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद होना चाहिए।उन्होंने कहा कि 2 अक्तूबर से इसकी शुरुआत करें। मैं सभी दुकानदारों से आग्रह करूंगा कि दुकान पर एक बोर्ड यह भी लगाएं कि कृपया हमसे प्लास्टिक की थैली की अपेक्षा न करें।

डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा :

पीएम मोदी ने डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने की वकालत करते हुए कहा कि हमें डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देना होगा। दुकानों पर आज नकद कल उधार बोर्ड लगा रहता है, अब डिजिटल पेमेंट को हां, नकद पेमेंट को ना का बोर्ड लगाने का वक्त है।

TeamDigital