श्रीनगर पहुंचे कांग्रेस नेता गुलामनबी आज़ाद को एयरपोर्ट से दिल्ली भेजा वापस

श्रीनगर पहुंचे कांग्रेस नेता गुलामनबी आज़ाद को एयरपोर्ट से दिल्ली भेजा वापस

नई दिल्ली। कश्मीर में धारा 370 हटाए जाने के बाद आज श्रीनगर पहुंचे कांग्रेस नेता गुलाम नबी आज़ाद को एयरपोर्ट पर रोक लिया गया और वहीँ से वापस दिल्ली भेज दिया गया।

गुलाम नबी आज़ाद आज जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में भाग लेने श्रीनगर रवाना हुए थे। कश्मीर में धारा 370 हटाए जाने के बाद प्रदेश नेताओं के साथ आज आज़ाद की बैठक होनी थी लेकिन उन्हें श्रीनगर एयरपोर्ट से बाहर नहीं जाने दिया गया।

गौरतलब है कि कल (शुक्रवार) कांग्रेस ने अपने सांसदों, प्रदेश अध्यक्षों और महासचिवों की एक बैठक बुलाई है। यह बैठक कांग्रेस का वॉर रूम कहे जाने वाले गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर आयोजित होने जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को पत्र लिखकर बैठक की जानकारी दी है। इस बैठक में यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगे।

इस बैठक से पहले आज कांग्रेस नेता और राज्य सभा सांसद गुलामनबी आज़ाद को कश्मीर में धारा 370 हटाए जाने के बाद पैदा हुए हालातो पर जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय करनी थी।

गौरतलब है कि कश्मीर में धारा 370 हटाए जाने के मोदी सरकार के फैसले को लेकर कुछ कांग्रेस नेताओं ने सार्वजनिक तौर पर सरकार के फैसले से सहमति जताई है। इनमे वरिष्ठ कांग्रेस नेता जनार्दन द्धिवेदी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दीपेंद्र हुड्डा और राय बरेली से विधायक आदिति सिंह शामिल हैं।

TeamDigital