पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन
नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन हो गया है। मंगलवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद सुषमा स्वराज को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था।
सुषमा स्वराज के आकस्मित निधन को लेकर एम्स विस्तृत बयान जारी करेगा। सुषमा स्वराज 67 वर्ष की थीं। वे दिल्ली की पहली मुख्यमंत्री के अलावा सूचना प्रसारण मंत्री और विदेश मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहीं।
सुषमा स्वराज ने शाम 7:23 बजे अपना आखिरी ट्वीट किया। जिसमे उन्होंने जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। अपने ट्वीट में सुषमा स्वराज ने कहा कि “प्रधान मंत्री जी – आपका हार्दिक अभिनन्दन. मैं अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी।”
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और डा हर्षवर्धन एम्स में ही मौजूद हैं। वहीँ कई अन्य मंत्री और बीजेपी नेता भी एम्स पहुँच चुके हैं। सुषमा स्वराज के आकस्मित निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए कहा कि उनके जाने से भारतीय राजनीति के एक अध्याय का अंत हो गया है। सुषमा स्वराज जी अपनी तरह की अलग महिला थीं, जो करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत थीं।
सुषमा ने सबसे पहला चुनाव 1977 में लड़ा। उस वक्त वह केवल 25 साल की थीं। वह हरियाणा की अंबाला सीट से चुनाव जीतकर देश की सबसे युवा विधायक बनीं थी। उन्हें हरियाणा की देवीलाल सरकार में मंत्री भी बनाया गया। इस तरह वे किसी राज्य की सबसे युवा मंत्री रहीं। वह 1998 में दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री भी बनीं।
