धारा 370: राहुल बोले ‘जम्मू-कश्मीर में कार्यकारी शक्तियों का दुरुपयोग हुआ’
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटाए जाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने इसे सत्ता का दुरूपयोग बताते हुए कहा कि सरकार ने जम्मू कश्मीर में सत्ता का गलत इस्तेमाल किया है।
मंगलवार को इस मामले में राहुल गांधी ने कहा कि संविधान का उल्लंघन किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि देश लोगों से बनता है, जमीन के टुकड़ों से नहीं।
ट्विटर पर राहुल गांधी ने कहा कि ‘जम्मू-कश्मीर में कार्यकारी शक्तियों का दुरुपयोग हुआ है। सरकार ने सत्ता का गलत इस्तेमाल किया है। उन्होंने इस फैसले को राष्ट्र सुरक्षा के खिलाफ बताया।’
वहीँ कश्मीर में धारा 370 हटाए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस में एक राय नहीं है। जहाँ एक तरफ गुलाब नबी आजाद ने कहा, “जिन लोगों को जम्मू-कश्मीर का इतिहास या कांग्रेस का इतिहास पता नहीं, उनसे मुझे कोई लेना देना नहीं है। वो पहले जम्मू-कश्मीर और कांग्रेस का इतिहास पढ़ें, फिर कांग्रेस में रहें।”
वहीँ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनार्दन द्धिवेदी ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने पर मोदी सरकार की तारीफ़ की है। उन्होंने जम्मू कश्मीर राज्य को दो केंद्रशासित क्षेत्रों में बांटने के केंद्र सरकार के कदम का समर्थन किया और अपनी पार्टी के रुख के विपरीत राय रखते हुए कहा कि सरकार ने एक ‘ऐतिहासिक गलती’ सुधारी है।
द्धिवेदी ने कहा कि यह बहुत पुराना मुद्दा है। स्वतंत्रता के बाद कई स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नहीं चाहते थे कि अनुच्छेद 370 रहे। मेरे राजनीतिक गुरु राम मनोहर लोहिया शुरू से ही अनुच्छेद 370 का विरोध करते थे. मेरे व्यक्तिगत विचार से तो यह एक राष्ट्रीय संतोष की बात है।
रायबरेली से कांग्रेस विधायक आदिति सिंह ने भी जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इस पर राजनीति नही होनी चाहिए।
