गांधी परिवार के करीबी सांसद डा संजय सिंह का कांग्रेस और राज्यसभा से इस्तीफा

गांधी परिवार के करीबी सांसद डा संजय सिंह का कांग्रेस और राज्यसभा से इस्तीफा

नई दिल्ली। गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डा संजय सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और वे बीजेपी में शामिल होंगे। डा संजय सिंह लोकसभा चुनाव में सुल्तानपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार थे और वे अपनी ज़मानत तक नहीं बचा सके थे।

डा संजय सिंह ने आज राज्य सभा के सभापति वेंकैया नायडू को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि वे बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे।

डॉ. संजय सिंह असम से राज्यसभा सदस्य हैं और उनका कार्यकाल अभी एक साल का बचा हुआ था। राजघराने से ताल्लुक रखने वाले डा संजय सिंह द्वारा कांग्रेस छोड़ने से पार्टी को धक्का लगा है। कभी सुल्तानपुर इलाके में डा संजय सिंह का अच्छा प्रभाव हुआ करता था।

हालाँकि संजय सिंह पहली बार बीजेपी में शामिल नहीं हुए हैं। वे राममंदिर आंदोलन के दौरान भी कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए थे। संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह मौजूदा समय में अमेठी से बीजेपी की विधायक हैं।

संजय सिंह 1998 में अमेठी संसदीय सीट से कांग्रेस के कैप्टन सतीश शर्मा को हराकर सासंद चुने गए थे। इसके बाद वो अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे। राहुल गांधी के कांग्रेस में एंट्री करने के बाद उन्होंने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में वापसी की। 2009 के लोकसभा चुनाव में संजय सिंह सुल्तापुर सीट से सांसद चुने गए थे।

संजय सिंह ने इस्तीफे के बाद कहा, ‘मैं कांग्रेस इसलिए छोड़ रहा हूं क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व में जीरो है। मैं ‘सबका साथ सबका विकास’ के कारण मोदी का समर्थन करता हूं।’

TeamDigital