अपनी चाल में कामयाब हो गयी बीजेपी, कर्नाटक सरकार गिरने पर राहुल ने दिया ये बयान

अपनी चाल में कामयाब हो गयी बीजेपी, कर्नाटक सरकार गिरने पर राहुल ने दिया ये बयान

नई दिल्ली। कर्नाटक में पिछले पंद्रह दिनों से चल रहा राजनैतिक नाटक आज कांग्रेस जेडीएस गठबंधन सरकार गिरने के साथ भले ही समाप्त हो गया हो लेकिन शह और मात के इस राजनैतिक खेल में बीजेपी कामयाब हो गयी।

विधानसभा में सरकार के पक्ष से अधिक विपक्ष के मत पड़ने के साथ ही बीजेपी राज्य में सत्ता बनाने के लिए एक्टिव हो गयी है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदुरप्पा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित से मिलने दिल्ली पहुँच रहे हैं। उसके बाद वे राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

वहीँ दूसरी तरफ कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार गिरने के बाद कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि “हमारे 15-16 विधायकों ने व्हिप का उल्लंघन किया है, ये संविधान के अनुच्छेद 10 का उल्लंघन है। ये अयोग्यता का मामला बनता है।”

जानकारों की माने तो कर्नाटक में बीजेपी ने बेहद सधे हुए तरीके से पूरे खेल को अंजाम दिया। कांग्रेस-जेडीएस विधायकों द्वारा इस्तीफा दिया जाना न तो महज इत्तेफाक हैं और न ही सिर्फ पार्टी से नाराज़गी का विषय। बल्कि सत्ता के खेल को आगे बढ़ाने के लिए बागी विधायको को अगुवाई सौंपी गयी थी।

कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार गिरने के बाद कई नेताओं ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि “अपने पहले दिन से ही कांग्रेस-जेडीएस सरकार भीतर और बाहर के उन निहित स्वार्थ वाले लोगों के निशाने पर आ गयी थी। जिन्होंने इस गठबंधन को सत्ता के अपने रास्ते के लिए खतरा और रुकावट के तौर पर देखा। उनके लालच की आज जीत हो गयी। लोकतंत्र, ईमानदारी और कर्नाटक की जनता हार गयी।”

वहीँ दूसरी तरफ कर्नाटक के नाटक के बाद अब कांग्रेस के ऊपर मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकारें बचाये रखने की बड़ी ज़िम्मेदारी है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी कांग्रेस की स्थति कर्नाटक जैसी ही है। उसके पास बहुमत से कुछ ही सीटें अधिक हैं और यदि बीजेपी ने राजस्थान और मध्य प्रदेश में कर्नाटक की तरह कोई ऑपरेशन कमल शुरू किया तो दोनों ही राज्यों में कांग्रेस की सरकारों के लिए खतरा पैदा हो सकता है।

TeamDigital